प्रंचड जीत पर PM मोदी बोले- पश्चिम बंगाल में कमल खिला, कार्यकर्ताओं के संघर्ष को सलाम

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 04 May 2026 06:17 PM
प्रंचड जीत पर PM मोदी बोले- पश्चिम बंगाल में कमल खिला, कार्यकर्ताओं के संघर्ष को सलाम
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर खुशी जताई है। पीएम मोदी ने एक्स पर कई पोस्ट किए हैं, जिसमें उन्होंने लिखा- पश्चिम बंगाल में कमल खिल उठा! पश्चिम बंगाल विधानसभा के 2026 के चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति विजयी हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करता हूं। जनता ने भाजपा को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम ऐसी सरकार प्रदान करेंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान सुनिश्चित करे।

शाह बोले- TMC के भय पर मोदी के भरोसे की जीत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताते हुए एक्स पर कई पोस्ट किए हैं। जिसमें उन्होंने लिखा- बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है। यह TMC के ‘भय’ के ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘भरोसे’ की जीत है। मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में माँ गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है।

उन्होंने आगे लिखा- बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा। भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुँचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं। बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूं।

बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियाँ कभी भूल नहीं पाएँगी। बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ मोदी जी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे। चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और ‘सोनार बांग्ला’ के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav