राहुल को अध्यक्ष बनाने के लिए विभिन्न पीसीसी की ओर से पारित प्रस्ताव का बाध्यकारी प्रभाव नहीं: रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Sep 2022 07:20 PM
राहुल को अध्यक्ष बनाने के लिए विभिन्न पीसीसी की ओर से पारित प्रस्ताव का बाध्यकारी प्रभाव नहीं: रमेश
ऑडियो सुनें

अलप्पुझा.  कुछ प्रदेश कांग्रेस कमेटियां (पीसीसी) राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित कर रही हैं, लेकिन पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि इस तरह के कदमों का कोई बाध्यकारी प्रभाव नहीं है. कांग्रेस नेता शशि थरूर के पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के संकेत के बीच रमेश ने यह भी कहा कि कोई भी इस पद के लिए लड़ सकता है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से वह किसी एक उम्मीदवार को लेकर आम-सहमति बनने के पक्षधर हैं.

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के विश्राम के दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि अगर आम-सहमति नहीं बनती तो पार्टी चुनाव के लिए तैयार है और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के 9,000 प्रतिनिधि लोकतांत्रिक तरीके से अध्यक्ष का चुनाव करेंगे. सात प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित करने के बारे में पूछने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साह में हैं, क्योंकि वे पिछले 13 दिन से राहुल गांधी को पदयात्रा करते हुए देख रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन किसी ने किसी को कोई प्रस्ताव पारित करने को नहीं कहा. राहुल गांधी ने किसी को कोई प्रस्ताव पारित करने को नहीं कहा. कांग्रेस अध्यक्ष ने किसी से नहीं कहा. कांग्रेस के कार्यकर्ता उत्साह में हैं. वे पिछले 13 दिन से राहुल को पदयात्रा करते देख रहे हैं. वह देख रहे हैं कि हर रोज वह कितनी पीड़ा सह रहे हैं. वे सभी उनसे खुद को जोड़ सकते हैं. प्रस्ताव पारित करना स्वाभाविक है. लेकिन उनका कोई बाध्यकारी प्रभाव नहीं है.’’ रमेश ने साफ किया कि राहुल गांधी चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह 24 से 30 सितंबर के बीच पता चलेगा. उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस का ध्यान राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर है.

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी चुनाव लड़ने को स्वतंत्र है. यह एक खुली प्रक्रिया है. आपको राहुल गांधी या सोनिया गांधी से अनुमति की जरूरत नहीं है. अगर आपके समर्थन में 10 पीसीसी प्रतिनिधि हैं तो आप नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं और 17 अक्टूबर को चुनाव होंगे.’’ रमेश ने कहा कि अगर कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं करता और किसी एक उम्मीदवार पर आम-सहमति बनती है तो एक अक्टूबर को नये अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी.

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 13वां दिन; अब तक 225 किलोमीटर की दूरी तय की गई
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 13वें दिन मंगलवार को यहां चेरत्तला से पदयात्रा शुरू की. सेंट माइकल्स कॉलेज में रामबूटन का पौधा लगा कर यात्रा की शुरूआत की गई. केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पर्यावरण शाखा ‘शास्त्रवेदी’ ने पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया.

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा के दौरान 12 दिन में 255 किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी है. रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘भारत यात्री आज पदयात्रा के सुबह के सत्र में आलप्पुझा के चेरत्तला से कुथियाथोदु तक 15 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे. आज रात शिविर कोच्चि जिले में रहेगा.’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन, पवन खेड़ा, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन और शनिमोल उस्मान समेत पार्टी के कई नेताओं ने सुबह में गांधी के साथ यात्रा की.

गांधी की झलक पाने के लिए मार्ग के किनारे बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों को इंतजार करते देखा गया. गांधी ने यात्रा के दौरान कई स्थानों पर रूक कर उनसे मुलाकात की. कांग्रेस की 3,570 किलोमीटर लंबी और 150 दिनों तक चलने वाली पदयात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जो जम्मू कश्मीर में सम्पन्न होगी. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 10 सितंबर की शाम को केरल पहुंची थी और यह एक अक्टूबर को कर्नाटक पहुंचने से पहले 19 दिनों में केरल के सात जिलों से गुजरते हुए 450 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu