वडोदरा. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरंिवद केजरीवाल ने मंगलवार को दावा किया कि गुजरात के वडोदरा हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में नारे लगाने वाले लोगों के एक समूह ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थक कांग्रेस नेता राहुल गांधी के गुजरात दौरे पर उनके खिलाफ कभी नारे नहीं लगाते. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस उन्हें और उनकी पार्टी आप के खिलाफ गाली-गलौज करने में ‘एकजुट’ हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब मैं वडोदरा में हवाई अड्डे पर उतरा, तो करीब 30-40 लोग मेरे सामने ‘मोदी’, ‘मोदी’, ‘मोदी’ चिल्लाने लगे. गुजरात में स्थिति ऐसी है कि भाजपा के सामने एक बड़ी मुसीबत आने वाली है.” केजरीवाल इस साल दिसंबर में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले समाज के विभिन्न तबकों से संपर्क करने के अभियान के तहत ‘टाउन हॉल’ बैठक को संबोधित करने के लिए वडोदरा में हैं.
उन्होंने कहा, “कहा जाता है कि (गुजरात के) शहरी इलाकों में 66 सीट हैं, जहां भाजपा कभी नहीं हारी. लेकिन इस बार, वे मुश्किल में होंगे. वे इन सभी सीट (आगामी विधानसभा चुनाव में) पर नहीं जीत रहे हैं.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस उन्हें अपमानित कर रही है क्योंकि वह गुजरात के लोगों की भलाई की बात करते हैं.
आप नेता ने आरोप लगाया, “भाजपा के समर्थक कभी भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के गुजरात दौरे पर उनके खिलाफ नारे नहीं लगाते. ऐसा इसलिए है क्योंकि दोनों पार्टियां मेरे और आप के खिलाफ एकजुट हैं. भाजपा और कांग्रेस दोनों के समर्थक केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाते हैं. वे एकजुट हैं और मुझे गालियां देते हैं.” केजरीवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में, कांग्रेस और भाजपा दोनों गुजरात में राष्ट्रीय स्तर के अपने नेताओं को मैदान में उतारेगी जो “मुझे गालियां देंगे.’’ केजरीवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात में आप के विधानसभा चुनाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं तथा लोगों से उन्होंने कई वादे किए हैं.
गुजरात में आप सत्ता में आयी तो पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरंिवद केजरीवाल ने मंगलवार को वादा किया कि अगर गुजरात में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो पंजाब की तरह यहां भी सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी. केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आप शासित राज्य पंजाब में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लागू करने पर विचार करने के लिये एक आदेश जारी किया है.
केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, “गुजरात में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी सड़कों पर हैं. उनकी मुख्य मांग पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की है. मैं उन्हें गारंटी देता हूं कि जब आम आदमी पार्टी सरकार बनाएगी तो हम गुजरात में ओपीएस लागू करेंगे.” विधानसभा चुनाव से पहले समाज के विभिन्न तबकों से संपर्क करने के अभियान के तहत केजरीवाल एक बैठक को संबोधित करने के लिए वडोदरा में हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, “पंजाब की तरह, हम गुजरात में भी ओपीएस लागू करेंगे.” केजरीवाल ने राज्य सरकार के प्रदर्शनकारी कर्मचारियों से अपना आंदोलन जारी रखने को कहा. उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी सरकार ओपीएस लागू करती है तो ठीक है और अगर नहीं, तो दो महीने बाद उनकी पार्टी इसे लागू करेगी, जब मौजूदा सरकार बदल जाएगी. केजरीवाल ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारी किसी सरकार को चुनने या हटाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं. उन्होंने लोगों से आप को बढ़ावा देने और पिछले 27 वर्षों से गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को हटाने के लिए काम करने का आह्वान किया.