अगला कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार का ‘प्रतिनिधि’ होगा: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Sep 2022 06:08 PM
अगला कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार का ‘प्रतिनिधि’ होगा: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस का जो भी नया अध्यक्ष होगा वह गांधी परिवार का ‘‘प्रतिनिधि’’ होगा और वह पूर्व प्रधानमंत्री ‘‘मनमोहन सिंह की तरह’’ रिमोट कंट्रोल से संचालित होगा. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावला ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि राजस्थान सरकार का नेतृत्व करने के लिए उनके उत्तराधिकारी के संबंध में कोई भी फैसला कांग्रेस की मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी मामलों के राजस्थान प्रभारी अजय माकन द्वारा लिया जाएगा.

गहलोत ने पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ने की घोषणा की है. कांग्रेस नेता व सांसद शशि थरूर उन्हें चुनौती देने की तैयारी में है. कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर जारी चुनाव प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए पूनावाला ने कहा, ‘‘किस हैसियत से वह (सोनिया गांधी) इस बारे में फैसला लेंगी क्योंकि वह पूर्व अध्यक्ष हो जाएंगी? आपको नहीं लगता कि यह फैसला विधायकों को करना चाहिए? अगर रिमोट कंट्रोल गांधी परिवार के हाथ में ही रहेगा तो यह चुनाव का दिखावा क्यों?’’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने हाल ही में कहा था कि कोई भी कांग्रेस का अध्यक्ष बन जाए, राहुल गांधी पार्टी में प्रमुख पद पर बने रहेंगे.

एक बयान में पूनावाला ने आरोप लगाया, ‘‘यह सबूत है कि कांग्रेस का नया अध्यक्ष गांधी परिवार का ‘प्रॉक्सी’ ही होगा और वह ठीक उसी तरह गांधी परिवार द्वारा संचालित होगा, जैसे मनमोहन सिंह को सोनिया गांधी करती थीं.’’ उन्होंने कहा कि अब स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस में चल रही चुनावी प्रक्रिया महज दिखावा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu