PFI ने हड़ताल का आह्वान किया और कांग्रेस ने पदयात्रा रोक दी : भाजपा नेता कपिल मिश्रा का आरोप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Sep 2022 06:14 PM
PFI ने हड़ताल का आह्वान किया और कांग्रेस ने पदयात्रा रोक दी : भाजपा नेता कपिल मिश्रा का आरोप
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/कोयंबटूर. भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के नेता कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पॉपुलर फ्रंट आॅफ इंडिया (पीएफआई) द्वारा केरल में शुक्रवार को हड़ताल का आह्वान किया गया है इसलिए कांग्रेस ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोक दी. उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इससे ज्यादा ‘घटिया और शर्मनाक’ बात और कुछ नहीं हो सकती है.

मिश्रा के आरोपों पर जवाब देते हुए कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने कहा कि पदयात्रा मे प्रत्येक सप्ताह एक दिन का ‘ब्रेक’ (अवकाश) रखा गया है. दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार में मंत्री रहने के बाद भाजपा में शामिल हुए मिश्रा ने कहा, ‘‘पीएफआई और इस्लामिक जिहादी संगठनों ने आज हड़ताल का आह्वान किया और कांग्रेस ने आज अपनी पद यात्रा रोक दी. इससे घटिया और शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता.’’

वहीं, कपिल मिश्रा पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता खेड़ा ने सवाल किया कि क्या यह सच है कि हाल ही में मुसलमान समुदाय तक पहुंचने का प्रयास कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत पीएफÞआई से माफÞी माँगो यात्रा पर कूच करने वाले हैं? खेड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘हमारी इस #भारत_जोड़ो_यात्रा में हर सप्ताह एक दिन का ब्रेक लिया जाता है. पिछला ब्रेक 15 तारीख़ को था. अब यह बताइए क्या यह सच है, मोहन जी भागवत पीएफÞआई से माफÞी माँगो यात्रा पर कूच करने वाले हैं?’’ कट्टरवादी संगठन पीएफआई द्वारा आहूत हड़ताल के दौरान केरल में बड़े पैमाने पर सरकारी बसों पर पथराव, दुकानों और वाहनों मे तोड़-फोड़ सहित कई जगहों पर हिंसक घटनाएं हुई हैं.

देश में आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने के आरोप में पीएफआई के दफ्तरों और उसके नेताओं के आवासों पर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) तथा अन्य एजेंसियों द्वारा की गई छापेमारी के विरोध में संगठन ने हड़ताल का आह्वान किया है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी, तमिलनाडु से शुरू हुई थी. यह यात्रा 10 सितंबर की शाम को केरल पहुंची. इस पदयात्रा में कांग्रेस नेता 19 दिनों में केरल के सात जिलों में जाएंगे और करीब 450 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे. यात्रा एक अक्टूबर को कर्नाटक में प्रवेश करेगी. कन्याकुमारी से शुरू होकर यह यात्रा जम्मू-कश्मीर तक जाएगी. 150 दिनों की इस पदयात्रा में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी.

पोल्लाची में भाजपा, हिंदू मुन्नानी के वाहनों पर हमला

पोल्लाची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और हिंदू मुन्नानी पदाधिकारियों की दो कार और दो आॅटोरिक्शा को कुछ अज्ञात लोगों ने शुक्रवार को क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा ‘पॉपुलर फ्रंट आॅफ इंडिया’ (पीएफआई) के पदाधिकारियों को कोयंबटूर में गिरफ्तार किए जाने और बृहस्पतिवार रात भाजपा के कार्यालय तथा एक कपड़े के शोरूम पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना के बाद ये वारदात हुई हैं.

पुलिस ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने यहां से करीब 35 किलोमीटर दूर पोल्लाची के कुमारन नगर में तड़के करीब तीन बजे भाजपा के एक पदाधिकारी के घर के बाहर खड़ी कार पर डीजÞल से भरी प्लास्टिक की थैली फेंक कर आग लगाने की कोशिश की. आग लगाने में विफल रहने पर उन्होंने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए.

उन्होंने बताया कि आवाज सुन भाजपा के पदाधिकारी बाहर आए और उन्होंने दो लोगों को एक मोटरसाइकिल पर भागते देखा. इसी तरह भाजपा के एक अन्य सदस्य की कार भी इसी इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी. पुलिस ने बताया कि हिंदू मुन्नानी के सदस्यों के दो आॅटो रिक्शा भी कुछ लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिए. इस बीच, इरोड में भाजपा के एक पदाधिकारी की ‘फर्नीचर’ की दुकान पर पेट्रोल और डीजÞल से भरे ‘पैकेट’ फेंक कर कुछ लोगों ने हमला किया. पुलिस ने बताया कि मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu