केरल का मुख्यमंत्री कार्यालय भ्रष्टाचार की चपेट में : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Sep 2022 07:11 PM
केरल का मुख्यमंत्री कार्यालय भ्रष्टाचार की चपेट में : नड्डा
ऑडियो सुनें

कोट्टयम/कोच्चि. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रविवार को केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन का कार्यालय ‘‘भ्रष्टाचार के दायरे से बाहर नहीं है’’ और ‘‘सोना घोटाला’’ मामले की आंच वहां तक पहुंच गई है. नड्डा ने वाम सरकार पर ऐसी स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया, जहां राज्य ‘‘कर्ज के जाल में फंस जाएगा’’ और कहा कि राज्य का कर्ज लगभग दोगुना हो गया है.

उन्होंने यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केरल में मादक पदार्थों के खतरे के साथ ही अराजकता बढ़ रही है. भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अगर मैं भ्रष्टाचार की बात करूं, तो मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) भी भ्रष्टाचार के दायरे से बाहर नहीं है. यह काफी हद तक भ्रष्टाचार की चपेट में है. अगर मैं सोना घोटाले की बात करूं, तो इसकी आंच सीएमओ तक पहुंच गई है.’’

नड्डा ने केरल में पार्टी के कई कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर हत्या और हमले का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है. लोकतंत्र में केवल बहस और चर्चा के लिए जगह है. लेकिन, हम देखते हैं कि हमले और हिंसा जारी है और वह भी राज्य प्रायोजित हिंसा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का समर्थन करना ही एकमात्र तरीका है.’’ उन्होंने केरल की जनता से भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों का समर्थन करने का भी आ’’ान किया.

कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम गरीब कल्याण योजना और पीएम किसान योजना जैसी विभिन्न योजनाएं और कल्याणकारी उपाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए हैं और इससे देश भर के करोड़ों परिवार लाभान्वित हुए हैं. कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि प्रधान मंत्री ‘सपने देखने और उन्हें पूरा करने ’ पर जोर दे रहे थे, जबकि कई लोग ‘सिर्फ सपने देखते हैं और कभी पूरा नहीं करते.’ उन्होंने यह भी कहा कि मोदी ने लगातार 20 वर्षों तक एक राज्य और फिर केंद्र के राजनीतिक प्रमुख के रूप में रहकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है.

भाजपा कार्यकर्ता सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ सुनें, प्रसारण के बाद बैठकें करें : नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनने के बाद बूथ स्तर पर बैठक करने का निर्देश दिया. केरल के दो दिवसीय दौरे पर आए नड्डा ने यह निर्देश प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम के प्रसारण के बाद कोच्चि के करीब अलुवा में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बात करते हुए दिया. नड्डा ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में हर महीने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुनने वालों की संख्या बढ़ी है.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी से अनुरोध करना चाहता हूं कि भाजपा में हर जिलाध्यक्ष, प्रत्येक मंडल अध्यक्ष, तालुक अध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष बूथ स्तर पर सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ देखने की पहल करें.’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘बूथ स्तर पर ‘मन की बात’ देखने के बाद, उन्हें एकत्र होकर बैठक करनी चाहिए.’’ नड्डा ने यह भी कहा कि 2014 से ‘मन की बात’ के 93 एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने कभी राजनीतिक मुद्दों पर बात नहीं की और केवल सामाजिक, सांस्कृतिक, पर्यावरण और स्वच्छता के मुद्दों, नागरिकों की प्रेरक कहानियों, खेलों आदि का ही उल्लेख किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu