उधमपुर/जम्मू/श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के उधमपुर शहर में संदिग्ध आतंकवादियों ने बस स्टैंड पर खड़ी एक बस में बृहस्पतिवार सुबह धमाका किया. हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि शहर में इसी तरह के विस्फोट के नौ घंटे बाद यह धमाका हुआ.
जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने दोनों स्थलों का दौरा किया और कहा कि विस्फोटों को अंजाम देने के लिए उच्च विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया होगा. पुलिस ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े पांच बजे हुए विस्फोट से बस की छत और पिछला हिस्सा उड़ गया, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ.
ये घटनाएं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चार अक्टूबर से शुरू होने वाले दौरे से कुछ दिन पहले हुई हैं. उन्हें 30 सितंबर को जम्मू-कश्मीर की तीन दिवसीय यात्रा पर जाना था और एक अक्टूबर को राजौरी में और दो अक्टूबर को बारामूला में जनसभाएं करनी थीं. हालांकि, बाद में यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव किया गया था.
उधमपुर में विस्फोट स्थल पर एडीजीपी सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘पहला विस्फोट बुधवार रात लगभग साढ़े 10 बजे एक पेट्रोल पंप के निकट खड़ी बस में हुआ था. दो लोगों को मामूली चोटें आईं थी लेकिन अब वे खतरे से बाहर हैं.’’ उन्होंने बताया कि दूसरा विस्फोट पुराने बस स्टैंड इलाके में हुआ.
सिंह ने कहा कि विस्फोटों की प्रकृति का पता लगाया जा रहा है और मामले की विभिन्न कोणों से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि सेना के बम निरोधक दस्ते सहित विभिन्न टीम मामले पर काम कर रही हैं. पुलिस ने कहा कि बस जिले के बसंतगढ़ इलाके से आई थी और रात में उधमपुर बस स्टैंड पर रुकी थी. बस को सुबह बसंतगढ़ के लिए रवाना होना था.
उधमपुर-रियासी (रेंज) के पुलिस महानिरीक्षक सुलेमान चौधरी ने बताया कि विस्फोटों से दो से तीन बसों को नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा, ‘‘विस्फोटकों की प्रकृति और अन्य चीजों की जांच की जा रही है. इसकी विस्तृत जांच की जरूरत है.’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों से पूछताछ की गई है और घटना के आतंकवाद से जुड़े होने के पहलू को भी नकारा नहीं जा सकता है. पुलिस ने ‘अलर्ट’ जारी किया है और लोगों से अपने वाहनों का ध्यान रखने को कहा है, ताकि उनमें कुछ भी संदिग्ध होने पर समय पर इसकी जानकारी मिल पाए. पहला विस्फोट बुधवार रात डोमेल इलाके के बैगरा पेट्रोल पंप पर हुआ था. विस्फोट में घायल हुए दो लोगों की पहचान सुनील सिंह और विजय कुमार के रूप में हुई है. दोनों को उधमपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
श्रीनगर में एजीएच का एक आतंकवादी गिरफ्तार: पुलिस
श्रीनगर के पालपोरा इलाके से बृहस्पतिवार को अंसार गजवातुल हिंद (एजीएच) का एक आतंकवादी गिरफ्तार किया गया और उसके पास से हथियार एवं गोलाबारूद बरामद हुआ. एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भरोसेमंद मुखबिर की सूचना पर पुलिस और सेना ने पालपोरा इलाके में विशेष जांच चौकियां बनायीं.
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ पालपोरा पुल के पास पुलिस और सेना के संयुक्त दल को देखकर संदिग्ध ने धान के खेतों की ओर भागने की कोशिश की लेकिन उसे युक्ति लगाकर पकड़ लिया गया.’’ पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने अपना नाम जुनैद अहमद पर्रे बताया और कहा कि वह बारीपोरा नवाकदल का निवासी है. पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और पांच गोलियां जब्त की गयीं. पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में अवैध गतिविधि रोकथाम अधिनियम और हथियार कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.