अध्यक्ष पद के लिए दिग्विजय सिंह की उम्मीदवारी का प्रस्ताव करेंगे मप्र के 12 कांग्रेस विधायक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Sep 2022 09:11 PM
अध्यक्ष पद के लिए दिग्विजय सिंह की उम्मीदवारी का प्रस्ताव करेंगे मप्र के 12 कांग्रेस विधायक
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस के कुल 12 विधायक दिग्विजय सिंह के कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने के समय उनके लिए प्रस्तावक होंगे. पार्टी के एक नेता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. नामांकन पत्र जमा करने के अंतिम दिन शुक्रवार को सिंह के पर्चा दाखिल करने की उम्मीद है. कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को छोड़कर सिंह बुधवार देर रात दिल्ली पहुंचे और पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र हासिल किया.

मध्यप्रदेश से कांग्रेस के विधायक हिना कावरे, जीतू पटवारी, पीसी शर्मा, लखन सिंह यादव, आलोक चतुर्वेदी, आरिफ मसूद, कांतिलाल भूरिया, रामलाल मालवीय, सुरेंद्र सिंह बघेल, विपिन वानखेड़े, कमलेश्वर पटेल और डॉ गोंिवद सिंह, दिग्विजय सिंह के नामांकन के लिए दिल्ली पहुंचेंगे.

प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक गोंिवद सिंह दिल्ली जाने के दौरान पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि उन्होंने इन विधायकों की सूची मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को भेज दी है. पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के कार्यालय से नामांकन पत्र लेने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘‘नामांकन पत्र लेने आया हूं. संभवत: कल भरूंगा.’’ उन्होंने 10 नामांकन फॉर्म लिए.

यह पूछे जाने पर कि क्या वह पार्टी नेतृत्व की तरफ से वह यह कदम उठा रहे हैं तो उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने लिए खुद जिम्मेदार हूं.’’ इस सवाल पर कि क्या वह अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल रहेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र वापस लिए जाने तक प्रतीक्षा करिये.
यह पूछे जाने पर कि क्या वह यह सब संदेश देने के लिए कर रहे हैं तो सिंह ने कहा, ‘‘आप लोग मुझे गंभीरता से क्यों नहीं लेते?’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu