‘क्रिटिकल केयर यूनिट’ में भर्ती हैं मुलायम सिंह यादव : मेदांता अस्पताल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 03 Oct 2022 07:38 PM
ऑडियो सुनें

गुरुग्राम. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव यहां के मेदांता अस्पताल की ‘क्रिटिकल केयर यूनिट’ (सीसीयू) में भर्ती हैं और विशेषज्ञों की एक टीम उनका इलाज कर रही है. अस्पताल ने सोमवार को यह जानकारी दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (82) की तबीयत खराब होने के एक दिन बाद अस्पताल ने यह घोषणा की. सूत्रों ने बताया कि मुलायम सिंह यादव का 22 अगस्त से अस्पताल में इलाज चल रहा है और उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

अस्पताल ने एक बयान में कहा, ” मुलायम सिंह अभी गुड़गांव के मेदांता अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती हैं और विशेषज्ञों की एक टीम उनका इलाज कर रही है.” उनके पुत्र अखिलेश यादव, पुत्रवधू ंिडपल यादव और भाई शिवपाल सिंह यादव रविवार को अस्पताल पहुंचे थे. सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ता भी उनका हालचाल जानने के लिए अस्पताल परिसर पहुंचे और उन्हें अस्पताल नहीं आने की सलाह दी गई है.

सपा ने रविवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा था, “आदरणीय नेता जी आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है. आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं. नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी आप लोगों को समय- समय पर दी जाती रहेगी.’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश यादव से बात कर उनके पिता का हालचाल पूछा था. सूत्रों के अनुसार मोदी ने अखिलेश यादव को आश्वासन दिया कि वह हरसंभव मदद और सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav