महिषासुर प्रतिमा में महात्मा गांधी जैसी झलक, प्रतिमा पर मूंछ और बाल लगाने के लिए पुलिस कलाकार को लेकर लायी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Oct 2022 08:34 PM
महिषासुर प्रतिमा में महात्मा गांधी जैसी झलक, प्रतिमा पर मूंछ और बाल लगाने के लिए पुलिस कलाकार को लेकर लायी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. दुर्गा पूजा के एक पंडाल में यहां महिषासुर की महात्मा गांधी से मिलती-जुलती एक प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद पैदा होने के एक दिन बाद अखिल भारत हिंदू महासभा (एबीएचएम) ने कहा कि हंगामे के मद्देनजर पुलिस ने एक कलाकार बुलाकर प्रतिमा में कुछ बदलाव कराया है. गंजे सिर वाले और सफेद धोती एवं गोल चश्मा पहने महिषासुर की प्रतिमा स्थापित करने के पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है. इस बीच, एबीएचएम के प्रदेश कार्यकारी प्रमुख चंद्रचूड़ गोस्वामी ने कहा कि उनके खिलाफ अब तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है.

महासभा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुंदरगिरि महाराज ने कहा, ‘‘पुलिस असुर (महिषासुर) का चश्मा हटाने, मूंछ और बाल लगाने के लिए एक कलाकार को ले कर आई थी.’’ हालांकि, एबीएचएम के नेता के दावे पर पुलिस की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है. रूबी क्रॉंिसग के पास हो रही पूजा के आयोजकों ने रविवार को कहा था कि यह समानता संयोगवश है. महासभा ने तब यह भी कहा था कि उसने पुलिस से निर्देश मिलने के बाद प्रतिमा के रूप को भी बदल दिया है.

इस छोटे पंडाल में कोई सजावट नहीं है, जबकि कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडालों में ऐसा नहीं देखा जाता. सोमवार दोपहर वहां सन्नाटा पसरा रहा. पंडाल के अंदर करीब सात-आठ आयोजक ही मौजूद थे. महिषासुर की प्रतिमा को अब मूंछ और सिर पर बाल के साथ देखा जा सकता है, हालांकि उसके बायें हाथ में अब भी एक डंडा है. गोस्वामी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमने महात्मा गांधी को ध्यान में रख कर असुर की प्रतिमा नहीं बनवाई थी. ’’ इस बीच, राजनीतिक दलों ने दलगत भावना से ऊपर उठ कर इस चित्रण की निंदा की है.

कांग्रेस ने महिषासुर की जगह गांधी जैसी दिखने वाली प्रतिमा स्थापित करने के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की.
कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख सौम्य आइच ने कहा कि इस चित्रण के सिलसिले में पुलिस के पास शिकायतें दर्ज कराई गई हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘एक शिकायत उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ पुलिस थाने में, जबकि एक अन्य शेक्सपियर सारनी पुलिस थाने में दायर कराई गई है.’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि यह पूरे विश्व के लिए शर्मनाक कृत्य है. उन्होंने कहा, ‘‘यह एक ऐसे संगठन द्वारा विभाजन पैदा करने की कोशिश है जो धार्मिक आधार पर देश को बांटने की कोशिश कर रहा है.’’ भाजपा के प्रदेश प्रमुख सुकांत मजूमदार ने भी कहा, ‘‘यदि ऐसा कुछ हुआ है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है. हम इसकी निंदा करते हैं. यह सही चीज नहीं है.’’ सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि इस तरह का चित्रण बेअदबी के समान है.

पार्टी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, ‘‘यह राष्ट्रपिता का अपमान है. यह देश के हर नागरिक का अपमान है. ’’ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि देश की आजादी में गांधीजी की भूमिका निर्विवाद है. पार्टी के मुखपत्र में सलीम के हवाले से कहा गया है, ‘‘हिंदुत्ववादियों ने उनकी हत्या कर दी और अब उनके विचारों की प्रतिदिन हत्या की जा रही है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu