गुजरात: खेड़ा जिले में गरबा स्थल पर विशेष समुदाय की भीड़ ने किया हमला, सात लोग घायल

खेड़ा/सूरत/भोपाल. गुजरात के खेड़ा जिले में एक मस्जिद के पास गरबा आयोजित करने का विरोध करने वाले मुस्लिम समुदाय के सदस्यों की भीड़ द्वारा कार्यक्रम स्थल पर किए गए हमले में एक पुलिसकर्मी सहित सात व्यक्ति घायल हो गए. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने मामले में गिरफ्तार संदिग्ध हमलावरों को गांव के चौराहे पर बिजली के एक खंभे से लगाकर खड़ा करके सबसे सामने लाठी से पीटा.

वीडियो क्लिप में कथित तौर पर दिख रहा है कि जिले के उंधेला गांव में सोमवार रात गरबा कार्यक्रम में शामिल लोगों पर पथराव करने के आरोप में गिरफ्तार तीन व्यक्तियों को कार्यक्रम स्थल के पास एक पुलिस वैन से बाहर निकाला जाता है. वीडियो में दिख रहा है कि आरोपियों को फिर एक बिजली के खंभे की ओर ले जाया जाता है और एक पुलिसकर्मी उन्हें उनके हाथ पकड़कर बिजली के खंभे से लगाकर खड़ा करता है, वहीं एक अन्य पुलिसकर्मी उन्हें कमर के नीचे डंडे से मारते नजर आ रहा है.

वीडियो में दिख रहा है कि कथित हमलावर पुलिसर्किमयों द्वारा कहे जाने पर मौके पर मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं. मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा की. पुलिस उपाधीक्षक वी. आर. बाजपेयी ने बताया कि मातर पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में पुलिसर्किमयों को तैनात किया गया है.

बाजपेयी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गांव के सरपंच ने एक मंदिर में गरबा का आयोजन किया था. मुस्लिम समुदाय की एक भीड़ ने इसे रोकने की कोशिश की.’’ उन्होंने कहा कि भीड़ ने पथराव भी किया. उन्होंने कहा कि इसमें ग्राम रक्षक दल (जीआरडी) के एक जवान और एक पुलिसकर्मी सहित कम से कम सात लोग घायल हो गए.

अधिकारी ने कहा, ‘‘प्राथमिकी के अनुसार महिलाओं सहित 150 लोगों की भीड़ ने पथराव करके गरबा करने वाले समूह पर हमला किया. प्राथमिकी के अनुसार 43 आरोपियों की पहचान उनके नाम से की गई है.’’ उपाधीक्षक बाजपेयी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा करने, गैरकानूनी रूप से एकत्रित होने और जानबूझकर चोट पहुंचाने से संबंधित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

उन्होंने कहा, ‘‘सरपंच ने अष्टमी (नवरात्रि के आठवें दिन) पर गांव के मंदिर में गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया था, लेकिन भीड़ ने कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की.’’ खेड़ा के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने कहा, ‘‘आरिफ और जÞहीर के रूप में पहचाने गए दो व्यक्तियों के नेतृत्व में लोगों का एक समूह नवरात्र गरबा स्थल में घुस गया और हंगामा करने लगा. उन्होंने पथराव भी किया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने शांति बनाये रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया है.’’

प्राथमिकी के अनुसार, गांव में मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने मस्जिद के पास गरबा आयोजित किए जाने पर आपत्ति जतायी थी जो मंदिर के पास स्थित है. इसके अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर लोगों का एक समूह जमा हो गया और उन्होंने श्रद्धालुओं को अपशब्द कहने शुरू कर दिये और उन्हें गरबा बंद करने को कहा. प्राथमिकी में कहा गया है कि जब लोगों ने गरबा जारी रखा तो और लोग उनके साथ शामिल हो गए, तब भीड़ ने पथराव करना शुरू कर दिया. प्राथमिकी में कहा गया है कि उनमें से कुछ धारदार हथियार, लाठियों से लैस थे और उन्होंने मंदिर पर पथराव किया.

सूरत : पंडाल में गैर हिंदुओं को काम पर रखने को लेकर गरबा आयोजकों की पिटाई

गुजरात के सूरत शहर में एक दक्षिणपंथी समूह के कार्यकर्ताओं ने एक गरबा पंडाल के आयोजकों और सुरक्षा गार्ड को कार्यक्रम स्थल पर गैर-हिंदुओं को काम पर रखने का आरोप लगाते हुए पीट दिया. यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ठाकोर जी नी वाडी गरबा पंडाल के आयोजकों ने यह कहते हुए शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया कि मामला दोनों पक्षों के बीच सुलझा लिया गया है.

पुलिस उपायुक्त (जोन तीन) सागर बागमार ने कहा, ‘‘खुद को बजरंग दल के कार्यकर्ता बताने वाले व्यक्तियों का एक समूह सोमवार रात सूरत के वेसु इलाके में ठाकोर जी नी वाडी गरबा पंडाल पहुंचा और आयोजकों और सुरक्षा गार्ड को पीट दिया. उन्होंने उस जगह के एक हिस्से को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.’’ उन्होंने कहा कि उक्त समूह में शामिल व्यक्तियों ने दावा किया कि पंडाल में कार्यरत कुछ लोग दूसरे धर्म के हैं और वे उन्हें वहां से बाहर कराना चाहते थे.

बागमार ने कहा, ‘‘पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. हमने शिकायत दर्ज कराने के लिए आयोजकों को बुलाया लेकिन उन्होंने यह कहकर मना कर दिया कि उन्होंने आपस में मामला सुलझा लिया है.’’ दक्षिणपंथी समूह ने कहा था कि वह 26 सितंबर से शुरू हुए नवरात्र उत्सव के दौरान गुजरात में गरबा आयोजन स्थलों की ‘‘रक्षा’’ करेगा, ताकि ‘‘आस्था नहीं रखने वालों’’ को आयोजन स्थलों में प्रवेश करने से रोका जा सके.

गरबा स्थल पर पथराव, मध्य प्रदेश सरकार ने 19 में से तीन आरोपियों के घर ढहाए

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक गरबा पंडाल में दो समूहों के बीच विवाद होने के बाद पथराव हो गया. पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जिनमें से तीन लोगों के घरों के अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जिले में सीतामऊ थाना क्षेत्र के सुरजानी गांव में दो अक्टूबर की रात को पथराव की घटना हुई जिसमें चार लोग घायल हो गए.

उन्होंने कहा कि दो गुटों में विवाद के बाद गरबा पंडाल में पथराव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया. पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग सुजानिया ने संवाददाताओं से कहा कि 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनमें से सात को जांच के बाद हिरासत में लिया गया है. उन्होंने कहा कि कुछ आरोपी आदतन अपराधी हैं.

एसपी ने बताया कि मंगलवार को राजस्व विभाग के सहयोग से तीन आरोपियों के 4.5 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के 4500 वर्ग फुट से अधिक के अवैध निर्माण को ढहा दिया गया है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि पंडाल में पथराव के सिलसिले में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार सलमान नाम का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर स्टंट कर रहा था तथा उसके और एक अन्य व्यक्ति के बीच झगड़ा हो गया. बाद में सलमान और उसके सहयोगी गरबा स्थल पर उस व्यक्ति की तलाश में पहुंचे और मामला पथराव में बदल गया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button