प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मोढेरा को 24 घंटे बिजली आपूर्ति वाला गांव किया घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Oct 2022 09:19 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मोढेरा को 24 घंटे बिजली आपूर्ति वाला गांव किया घोषित
ऑडियो सुनें

मोढेरा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात के मेहसाणा जिले में स्थित मोढेरा गांव को सातों दिन , 24 घंटे सौर ऊर्जा आपूर्ति वाला गांव घोषित किया. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि मोढेरा की एक समय चर्चा इतिहास में आक्रमणकारियों द्वारा किए गए अनगिनत अत्याचारों के लिए की जाती थी लेकिन वह अब वह प्राचीन स्वरूप को कायम रखते हुए विकास की ओर बढ़ रहा है.

उन्होंने कहा कि मोढेरा को सूर्य मंदिर के लिए जाना जाता था और अब इसे सौर ऊर्जा आपूर्ति के लिए भी जाना जाएगा. गृह राज्य गुजरात के तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने करीब 3,900 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं आधाशिला रखी. राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं.

यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक मोढेरा की सौर परियोजना देश में अपने तरह की पहली परियोजना है जिसकी परिकल्पना प्रधानमंत्री ने की थी. इसमें जमीन पर सौर पैनल लगाने के साथ-साथ 1300 घरों और सरकारी इमारतों की छतों पर भी सौर पैनल लगाए गए हैं और सभी को ‘बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम’ (बीईएसएस) से जोड़ा गया हैं प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जब भी सौर ऊर्जा की चर्चा होगी, मोढेरा का नाम सबसे पहले आएगा क्योंकि यहां हर चीज सौर ऊर्जा से चलती हैं. फिर चाहे रोशनी के लिए बल्ब हो या खेती…यहां तक बसों का परिचालन भी सौर ऊर्जा से करने की कोशिश की जा रही है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘21वीं सदी के आत्मनिर्भर भारत में हमें अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए इन उपायों को प्रोत्साहित करना होगा. मैं गुजरात , देश एवं आने वाली पीढ़ियों को ऊर्जा सुरक्षा मुहैया कराने के लिए दिन-रात काम कर रहा हूं.’’ गौरतलब है कि मोढेरा को सूर्य मंदिर के लिए जाना जाता है जो पुष्पावती नदी के किनारे अवस्थित है. इस मंदिर का निर्माण चालुक्य राजवंश के राजा भीमा प्रथम के कार्यकाल में 1026-27वीं सदी में हुआ था.

प्रधानमंत्री ने कहा कि छतों पर सौर पैनल से पैदा होने वाली ऊर्जा से मोढेरा के लोगों को न केवल मुफ्त बिजली मिलेगी बल्कि उन्हें अतिरिक्त बिजली बेचकर पैसे कमाने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने कहा,‘‘मकान मालिक और किसान अब बिजली फैक्टरी के मालिक बन गए हैं.’’ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने मोढेरा शहर स्थित मोढेश्वरी देवी के मंदिर में पूजा अर्चना की. इस मौके पर उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेद्र पटेल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल भी मौजूद थे.

प्रधानमंत्री ने मंदिर जाते समय रास्ते के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया. मोदी ने गुजरात दौरे के पहले दिन रेलवे की आमान परिवर्तन योजना, ओएनजीसी की नंदासन जियोलॉजिकल तेल उत्पादन परियोजना, ंिसचाई परियोजना, सड़क परियोजना और सरदार पटेल इंस्टीट्यूट आॅफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (एसपीआईपीए) के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र की इमारत का उद्घाटन किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu