मानव बलि का मामला: केरल में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Oct 2022 06:00 PM
मानव बलि का मामला: केरल में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया
ऑडियो सुनें

कोच्चि. केरल के पथानामथिट्टा जिले के एक गांव में काला जादू के चलते दो महिलाओं की कथित रूप से बलि चढ़ा दी गई. मामले के एक दंपति समेत तीन आरोपियों ने समृद्धि लाने के लिए यह अपराध किया. उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने बताया कि जिन महिलाएं की हत्या की गई, वे सड़क पर लॉटरी टिकट बेच कर अपनी आजीविका चलाती थीं. आरोपियों ने अपनी आर्थिक तंगी दूर करने और समृद्धि प्राप्त करने के लिए कथित तौर पर उनकी बलि दे दी.

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने हत्याओं पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मानसिक रूप से बीमार लोग ही इस तरह के अपराध कर सकते हैं. उन्होंने एक बयान में कहा कि इस तरह के काला जादू और जादू टोना की रस्मों को सभ्य समाज के लिए एक चुनौती के रूप में ही देखा जा सकता है. पुलिस ने बताया कि महिलाओं की उम्र 50 से 55 वर्ष के बीच थी. इनमें से एक कदवंथरा और दूसरी नजदीक स्थित कालडी की रहने वाली थी. वे इस वर्ष क्रमश: सितंबर और जून में लापता हो गईं थी. उनकी तलाश में जुटी पुलिस को जांच के दौरान घटना के कथित तौर पर मानव बलि से जुड़े होने का पता चला.

पुलिस ने आरोपियों के इकबालिया बयान के हवाले से बताया कि शवों को टुकड़े-टुकड़े करके पथानामथिट्टा के तिरुवल्ला के एलनथूर गांव में दो स्थानों पर दफना दिया गया था. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान भगवंत ंिसह, उसकी पत्नी लैला और रशीद उर्फ मोहम्मद शफी के तौर पर हुई है. संदेह है कि रशीद ही इन महिलाओं को दपंती के घर ले गया था जहां कथित रूप से उनकी बलि चढ़ाई गई.

कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त नागराजू चाकिलम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ कदवंथरा की लापता महिला की तलाश के दौरान पता चला कि दंपती ने तिरुवल्ला स्थित अपने घर में उसकी हत्या कर दी और उसके शव को टुकड़े कर दफना दिया. दंपती ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने के लिए उसकी बलि दी.’’ पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले की जांच करने पर पता चला कि आरोपियों ने जून में भी इसी तरह से एक अन्य महिला की भी ‘‘बलि’’ दी थी.

पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिण क्षेत्र) पी. प्रकाश ने बताया कब्र की खुदाई कर शवों के टुकड़े निकालने, उनकी जांच करने और पोस्टमार्टम के बाद ही अतिरिक्त जानकारी दी जा सकेगी. उन्होंने कहा, ‘‘ प्रथम दृष्टया, यह आर्थिक लाभ हासिल करने के लिए मानव बलि देने का मामला प्रतीत होता है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.’’ इस बीच, विजयन ने कहा कि पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि हत्याएं अंधविश्वास के तहत की गईं हैं.

उन्होंने कहा कि धन और अंधविश्वास के लिए लोगों का अपहरण और हत्या करना एक ऐसा अपराध है जो केरल जैसे राज्य में कल्पना से परे है. विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने कहा कि इस तरह की घटना से सभ्य समाज का हिस्सा होने पर गर्व करने वाले सभी लोगों का सिर शर्म से झुक जाएगा.

आरोपी भगवंत ंिसह के सत्तारूढ़ माकपा का स्थानीय कार्यकर्ता होने की मीडिया में आई खबरों का सीधे तौर पर जिक्र किए बिना सतीशन ने कहा कि यह भी अहम है कि एक कथित हत्यारा एक राजनीतिक पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता है और यह पार्टी खुद के प्रगतिशील होने का दावा करती है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य प्रमुख के सुरेंद्रन ने आरोप लगाया कि एक आरोपी माकपा का कार्यकर्ता है और अपराध में कट्टरपंथी धार्मिक समूह भी शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu