जम्मू-कश्मीर के रामबन में एक बैग से तीन आईईडी बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Oct 2022 06:59 PM
जम्मू-कश्मीर के रामबन में एक बैग से तीन आईईडी बरामद
ऑडियो सुनें

रामबन/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सुरक्षा बलों ने जंगल में एक बैग में दबाकर रखे गये तीन आईईडी विस्फोटक बरामद किये हैं. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने कहा कि आंतकियों के संभावित विस्फोट के मंसूबों को नाकाम कर दिया गया है.

अधिकारियों के अनुसार, बैग में विस्फोटकों के अलावा तीन पुलों की तस्वीरें भी मिली हैं, जिससे ऐसा लगता है कि ये पुल बैग छोड़कर गये आतंकवादियों के निशाने पर थे. उन्होंने बताया कि सेना और पुलिस के संयुक्त तलाशी दल ने बुधवार देर रात यह बैग गूल उपमंडल के संगलदान के बशरा-धरम जंगलों से बरामद किया है.

उन्होंने बताया कि विस्फोटकों के छह पैकेट, 49 कारतूस, एक-एक सुरक्षा फ्यूज, बैटरी और डेटोनेटर तथा 20 मीटर लंबी बिजली की तार बरामद की गयी थी. अधिकारियों ने कहा कि तलाशी के दौरान किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. बम निरोधक दस्ते ने बृहस्पतिवार को बैग में तीन आईईडी होने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu