केरल: काला जादू करने के आरोप में महिला गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Oct 2022 07:59 PM
केरल: काला जादू करने के आरोप में महिला गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

पथनमथिट्टा. काला जादू करने और उसमें बच्चों को शामिल करने के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार को 41 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है. काला जादू करने की पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है. उक्त वीडियो में बच्चों को काला जादू करने के दौरान बेहोश होते देखा जा सकता है. वीडियो में आरोपी महिला को ‘मंत्र’ बोलते और नाचते हुए देखा जा सकता है, जबकि बच्चे उसके ठीक सामने बैठे हुए हैं.

पुलिस ने आरोपी महिला के 39 वर्षीय पति को भी हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि पथनमथिट्टा जिले के मलयालपुझा के रहने वाले आरोपी दंपती को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जाएगा. स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा कि सरकार इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है. मंत्री ने कहा, ‘‘ऐसी गतिविधियों में बच्चों का उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. समाज को एसी गतिविधियों का एकजुट होकर विरोध करना चाहिए.’’ उन्होंने ऐसी गतिविधियों के खिलाफ लोगों में जागरुकता फैलाने की वकालत की.

पुलिस सूत्रों ने पीटीआई/भाषा को बताया कि हालांकि यह वीडियो क्लिप पुराना लग रहा है, लेकिन उसकी जांच की जाएगी. सूत्रों ने बताया कि महिला और उसके पति को हिरासत में लिया गया है और दोनों को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जाएगा. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों से कहा कि महिला के खिलाफ बेहद गंभीर आरोप लगे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम इस मामले की जांच करेगी… काला जादू के अलावा उनके खिलाफ हंगामा करने का भी आरोप है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu