
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि ‘‘प्रतिष्ठित पुरस्कारों के दर्जे को सुव्यवस्थित बनाने और बरकरार रखने’’ के लिए ही विज्ञान पुरस्कारों की संख्या कम की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार प्रदान करने की तिथि अभी तय नहीं हुई है.
उन्होंने कहा, ‘‘हम तिथि तय करेंगे. कोविड के चलते कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सका.’’ वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, इंजीनियंिरग, गणित, चिकित्सा और भौतिकी में उल्लेखनीय व उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रतिवर्ष शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार प्रदान करती है.
विज्ञान पुरस्कारों की संख्या कम करने का कारण पूछे जाने पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. सिंह ने कहा, ‘‘पुरस्कारों को बनाना और प्रतिष्ठित पुरस्कारों के दर्जे को बरकरार रखना एक अच्छा विचार है.’’ सरकार ने देश में विज्ञान पुरस्कारों की संख्या कम करने का फैसला किया है.



