CBI के समन पर केजरीवाल ने कहा, ‘सिसोदिया, जैन हैं आज के भगत सिंह’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Oct 2022 07:24 PM
CBI के समन पर केजरीवाल ने कहा, ‘सिसोदिया, जैन हैं आज के भगत सिंह’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा समन जारी किये जाने पर मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल ने रविवार को केंद्र के खिलाफ अपनी सरकार की लड़ाई को ‘दूसरा स्वतंत्रता संघर्ष’ बताया और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया तथा सत्येंद्र जैन की तुलना शहीद भगत सिंह से की.

आप ने दावा किया कि सिसोदिया को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आरोप लगाया कि यह कदम आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले उठाया गया है. आप ने दावा किया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से उसका सीधा मुकाबला है.
यह प्रतिक्रिया, आबकारी नीति (जो अब रद्द की जा चुकी है) बनाने और उसके क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सीबीआई द्वारा उपमुख्यमंत्री सिसोदिया को सोमवार को पूछताछ के लिए तलब किये जाने के बाद आई है. जांच एजेंसी ने आप नेता को सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे यहां सीबीआई मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा है.

केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘जेल की सलाख़ें और फाँसी का फंदा भगत सिंह के बुलंद इरादों को डिगा नहीं पाये. यह आजÞादी की दूसरी लड़ाई है. मनीष (सिसोदिया) और सत्येंद्र (जैन) आज के भगत सिंह हैं. 75 साल बाद देश को एक ऐसा शिक्षा मंत्री मिला, जिसने गÞरीबों को अच्छी शिक्षा देकर सुनहरे भविष्य की उम्मीद जगाई. करोड़ों गÞरीबों की दुआएँ इनके साथ हैं.’’ सत्येंद्र जैन को धन शोधन के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 30 मई को गिरफ्तार किया था.

सीबीआई के समन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिसोदिया ने कहा कि वह पूछताछ के दौरान पूरा सहयोग करेंगे. सिसोदिया ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे घर पर सीबीआई ने 14 घंटे तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला. मेरे बैंक लॉकर की तलाशी ली गई, उसमें कुछ नहीं मिला. मेरे गाँव में इन्हें कुछ नहीं मिला. अब इन्होंने कल (पूर्वाह्न) 11 बजे मुझे सीबीआई मुख्यालय बुलाया है. मैं जाऊँगा और पूरा सहयोग करूँगा. सत्यमेव जयते.’’ आप मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने सिसोदिया को गिरफ्तार करने के लिए तलब किया है.

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जान रहे हैं कि मनीष जी को कल सीबीआई गिरफ्तार करने जा रही है. इस सिलसिले में आदेश जारी किये जा चुके हैं.’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘लेकिन सिसोदिया को गिरफ्तार करने के कदम का कथित आबकारी नीति घोटाला से कोई संबंध नहीं है. यह गुजरात चुनावों से जुड़ा हुआ है, जहां आप का भाजपा से सीधा मुकाबला है और लोग बदलाव के बारे में बातें कर रहे हैं तथा बदलाव चाहते हैं.’’

भारद्वाज ने कहा, ‘‘हम तैयार हैं. हम भयभीत नहीं हैं. हमारे पार्टी के नेताओं के खिलाफ जितनी दमनकारी कार्रवाई की जाएगी, पार्टी उतनी ही मजबूत होगी.’’ सीबीआई ने मामले में ‘इंडो स्पिरिट्स’ के मालिक समीर महेंद्रू, गुरुग्राम स्थित ‘बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक अमित अरोड़ा और इंडिया अहेड न्यूज के प्रबंधक निदेशक मूथा गौतम समेत कई लोगों से पूछताछ की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu