खरगे कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित, 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर किसी नेता को मिली जिम्मेदारी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 19 Oct 2022 08:18 PM
खरगे कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित, 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर किसी नेता को मिली जिम्मेदारी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे बुधवार को अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को पराजित कर पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए. इस तरह से 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष बना है. खरगे ने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया. खरगे को 7,897 वोट मिले तथा थरूर को 1,072 वोट हासिल हुए.

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने खरगे को निर्वाचित घोषित किया. मिस्त्री ने बताया कि चुनाव में 9,385 वोट पड़े थे और इनमें से 416 वोट अवैध करार दिए गए. पार्टी का कहना है कि खरगे 26 अक्टूबर को अध्यक्ष पद का पदभार संभालेंगे. जीत के बाद खरगे ने कहा कि पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं है तथा वह संगठन को मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस के एक सच्चे सैनिक के तौर पर काम करेंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता समान है एवं लोकतंत्र और संविधान को खतरे में डालने वाली फासीवादी ताकतों से लड़ने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा. थरूर ने चुनाव नतीजों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली और खरगे को बधाई दी. उन्होंने यह भी कहा कि वह ‘विरोध के नहीं, बदलाव के उम्मीदवार थे.

खरगे की जीत की आधिकारिक घोषणा के कुछ देर बाद पार्टी की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा उनके आवास पहुंचे और उन्हें बधाई दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य नेताओं ने भी खरगे को बधाई दी.

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष की नयी भूमिका के लिए मल्लिकार्जुन खरगे जी को मेरी शुभकामनाएं. आगे उनका कार्यकाल सार्थक रहे.’’ राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मल्लिकार्जुन खरगे जी को कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई. कांग्रेस अध्यक्ष भारत के लोकतांत्रिक दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करता है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को संभालने जा रहे खरगे जी का व्यापक अनुभव और वैचारिक प्रतिबद्धता पार्टी के बहुत काम आएगी.’’

इस चुनाव के परिणाम से पहले ही खरगे की जीत की प्रबल संभावना जताई जा रही थी, हालांकि थरूर को 1000 से अधिक वोट मिलने को उनके समर्थक ‘सम्मानजक प्रदर्शन’ मान रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9385 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के लिए सोमवार को हुए चुनाव में मतदान किया था.

पार्टी मुख्यालय में मतगणना बुधवार सुबह निर्धारित समय 10 बजे के कुछ देर बाद 10.20 बजे आरंभ हुई थी. इस मौके पर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर के प्रस्तावक सांसद कार्ति चिदंबरम और कुछ अन्य चुनावी एजेंट मौजूद थे. खरगे की तरफ से सांसद सैयद नासिर हुसैन और कुछ अन्य नेता मौजूद थे.

मोदी ने खरगे को दी बधाई, कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनके सार्थक कार्यकाल की कामना की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई दी और कामना की कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी के मुखिया के रूप में उनका कार्यकाल सार्थक रहे. मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष की नयी भूमिका के लिए मल्लिकार्जुन खरगे जी को मेरी शुभकामनाएं. आगे उनका कार्यकाल सार्थक रहे.’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खरगे बुधवार को पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया.

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मल्लिकार्जुन खरगे को निर्वाचित घोषित किया. उन्होंने बताया कि खरगे को 7,897 वोट मिले तथा थरूर को 1,072 वोट हासिल हुए. चौबीस साल के बाद पहली बार नेहरू-गांधी परिवार से इतर कोई नेता कांग्रेस का अध्यक्ष बना है. खरगे 26 अक्टूबर को औपचारिक तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से पहले वह राज्यसभा में विपक्ष के नेता थे. प्रधानमंत्री मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान वह लोकसभा में कांग्रेस के नेता रह चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav