तेलंगाना : कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में विभिन्न राज्यों के पार्टी नेता हुए शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Oct 2022 06:16 PM
तेलंगाना : कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में विभिन्न राज्यों के पार्टी नेता हुए शामिल
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. कांग्रेस के विभिन्न राज्यों के नेता शुक्रवार को तेलंगाना में राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी ‘भारत जोड़ो’यात्रा में शामिल हुए. यात्रा में संचार के प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह ‘‘लघु भारत जोड़ो’’यात्रा है जिसमें विभिन्न राज्यों के नेता राहुल के साथ पदयात्रा करने आ रहे हैं.

रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘ आज तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा के सुबह के सत्र के दौरान हमने लघु भारत जोड़ो को देखा जिसमें त्रिपुरा, राजस्थान, पंजाब, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा और मध्यप्रदेश के नेताओं ने राहुल गांधी के साथ पद यात्रा की.’’ राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुक्रवार को तेलंगाना के नारायणपेट जिले के येलिगंदला से फिर से शुरू हुई.उ रमेश ने बताया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुक्रवार रात को महबूबनगर में रुकेगी. राज्य में यात्रा का यह तीसरा दिन है.

सूत्रों के मुताबिक, यात्रा सुबह करीब 6.10 बजे शुरू हुई और इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रभारी के सी वेणुगोपाल और पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी सहित कई नेता राहुल के साथ शामिल हुए. सूत्रों ने बताया कि राहुल ने दो स्कूली छात्राओं को बुलाया, जो यात्रा मार्ग में सड़क किनारे उनका इंतजार कर रही थीं . राहुल कुछ दूर तक उनके साथ चले.

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार को मकथल की श्री बालाजी फैक्टरी में रात्रि विश्राम लेने से पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने 26.7 किलोमीटर की दूरी तय की. सात नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले यात्रा तेलंगाना के नौ लोकसभा और 19 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए कुल 375 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. चार नवंबर को यात्रा एक दिन का विराम लेगी.

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल खेल, व्यवसाय और मनोरंजन क्षेत्र की हस्तियों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के बुद्धिजीवियों और नेताओं से मुलाकात करेंगे. तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने कहा कि राहुल पूरे तेलंगाना में प्रार्थना स्थलों, मस्जिदों और मंदिरों का दौरा कर वहां पूजा-अर्चना भी करेंगे.

‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी. यात्रा का तेलंगाना चरण आरंभ करने से पहले राहुल ने केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में पदयात्रा की. तेलंगाना कांग्रेस ने यात्रा के समन्वय के लिए 10 विशेष समितियों का गठन किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu