भाजपा, कांग्रेस ने पंजाब के सरकारी कार्यालयों से महात्मा गांधी की तस्वीरें हटाने की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Oct 2022 10:22 PM
भाजपा, कांग्रेस ने पंजाब के सरकारी कार्यालयों से महात्मा गांधी की तस्वीरें हटाने की आलोचना की
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. पंजाब में सरकारी कार्यालयों से महात्मा गांधी की तस्वीरें हटाने को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने वहां (पंजाब में) सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना की. करेंसी नोट पर हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें छापने की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अपील को लेकर उपजे विवाद के बीच गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस ने आप की आलोचना की.

पाटिल ने गुजरात के पाटन शहर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप ने पंजाब में सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय और वहां के सभी सरकारी कार्यालयों से गांधीजी की तस्वीरें हटा दी. लोगों को सावधान रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि महात्मा गांधी की तस्वीरें करेंसी नोट से नहीं हटाई जाए. ’’ गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पंजाब में सरकारी कार्यालयों से महात्मा गांधी की तस्वीरें हटाने को लेकर आप की आलोचना की.

उन्होंने वडोदरा में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, ‘‘आप ने पंजाब में सरकारी कार्यालयों से गांधी जी की तस्वीरें हटा दी. उसने पंजाब में जो कुछ किया उसके बाद इस राज्य(गुजरात) में वोट मांगने का उसे कोई नैतिक अधिकार नहीं है.’’ उल्लेखनीय है कि केजरीवाल ने करेंसी नोट पर भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी के चित्र छापने की बुधवार को मांग कर विवाद छेड़ दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu