भारत जोड़ो यात्रा : अभिनेत्री पूनम कौर, उस्मानिया यूनिवर्सिटी के छात्रों ने राहुल के साथ पदयात्रा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 29 Oct 2022 05:57 PM
भारत जोड़ो यात्रा : अभिनेत्री पूनम कौर, उस्मानिया यूनिवर्सिटी के छात्रों ने राहुल के साथ पदयात्रा की
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार को तेलंगाना के महबूबनगर कस्बे के धर्मपुर से फिर से शुरू हुई और इसके 20 किलोमीटर की दूरी तय करने की उम्मीद है. कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के साथ अभिनेत्री पूनम कौर और उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों ने भी पदयात्रा की. राज्य में यात्रा का यह चौथा दिन है.

पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल शनिवार की यात्रा की समाप्ति से पहले शाम को जडचेरला एक्स रोड जंक्शन पर एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, यात्रा सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुई और राहुल के साथ कांग्रेस के कई नेताओं ने इसमें हिस्सा लिया. उन्होंने बताया कि अभिनेत्री पूनम कौर और उस्मानिया विश्वविद्यालय के कई छात्र भी राहुल के साथ पदयात्रा में शामिल हुए.

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को महबूबनगर में रात्रि विश्राम से पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने दिनभर में 23.3 किलोमीटर की दूरी तय की थी.
यात्रा तेलंगाना के नौ लोकसभा और 19 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए कुल 375 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसके बाद सात नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी. चार नवंबर को यात्रा एक दिन का विराम लेगी.

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल खेल, व्यवसाय और मनोरंजन क्षेत्र की हस्तियों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के बुद्धिजीवियों और नेताओं से मुलाकात करेंगे. तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने कहा कि राहुल पूरे तेलंगाना में प्रार्थना स्थल, मस्जिद और मंदिर जाकर वहां पूजा-अर्चना भी करेंगे.

‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी. यात्रा का तेलंगाना चरण आरंभ करने से पहले राहुल ने केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में पदयात्रा की थी. तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस ने यात्रा के समन्वय के लिए 10 विशेष समितियों का गठन किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu