इंदौर में दो नाबालिगों को गाड़ी से बांधकर घसीटने के मामले में तीन संदिग्ध हिरासत में, मुख्य आरोपी फरार

इंदौर. इंदौर में नकदी चोरी के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को गाड़ी से बांधकर पीटने और घसीटने के बहुर्चिचत मामले में तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी का कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. राजेंद्र नगर थाने के प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि नकदी चोरी के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को प्रताड़ित करने में शामिल होने के संदेह में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है.

उन्होंने बताया कि खंडवा जिले का सब्जी विक्रेता सुनील वर्मा मामले का मुख्य आरोपी है जो घटना के बाद से ही फरार है. थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘वर्मा के घर पर ताला लगा है और उसके परिजन भी गायब हैं. हम मुख्य आरोपी की तलाश कर रहे हैं.” पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि वर्मा माल ढुलाई के छोटे वाहन से प्याज की बोरियां लेकर शनिवार को इंदौर की देवी अहिल्याबाई होलकर फल-सब्जी मंडी पहुंचा था. उन्होंने बताया कि 13 साल और 17 साल की उम्र के नाबालिग लड़कों पर आरोप है कि उन्होंने इस गाड़ी में रखी नकदी चुरा ली.

घटनाक्रम के वीडियो में देखा जा सकता है कि सब्जी मंडी में दोनों लड़के रस्सी के जरिये गाड़ी से बंधे हुए निढाल पड़े हैं और अपशब्दों के इस्तेमाल करते हुए उनसे पूछा जा रहा है कि चोरी की गई नकदी कहां है? वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि अचानक गाड़ी चल पड़ती है और दोनों लड़के जमीन पर कुछ दूर तक घिसटते चले जाते हैं, तभी वहां मौजूद लोग शोर मचाकर गाड़ी रुकवा देते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button