भाजपा मुख्यालय में निर्माण कार्य रोकने के लिए आदेश जारी, एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना : गोपाल राय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Nov 2022 06:35 PM
भाजपा मुख्यालय में निर्माण कार्य रोकने के लिए आदेश जारी, एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना : गोपाल राय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली सरकार ने मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में काम बंद करने का नोटिस जारी किया और शहर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर निर्माण और विध्वंस कार्य पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने के लिए निजी फर्म लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया. पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने कहा कि मंत्री जब भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के एक निर्माण स्थल का निरीक्षण कर लौट रहे थे तब उन्होंने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर बने भाजपा मुख्यालय में निर्माण कार्य देखा.

राय ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘निर्माण कार्य में जुटे श्रमिकों का कहना है कि कार्य भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय से संबंधित है. यह सीएक्यूएम के आदेशों का उल्लंघन है. हमने वहां पर काम रोकने का आदेश जारी कर निर्माण एजेंसी ‘लार्सन एंड टुब्रो’ पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.’’ दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिये 2021 में बनाए गए वैधानिक निकाय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने शनिवार को अधिकारियों को आवश्यक परियोजनाओं को छोड़कर, दिल्ली-एनसीआर में निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया था. सरकारी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वह ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के चरण तीन के तहत पाबंदियों को तुरंत लागू करें.

पहली बार 2017 में लागू किया गया ‘ग्रेप’ स्थिति की गंभीरता के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण रोधी उपायों का एक सेट है. इसके तहत दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता को चार विभिन्न चरणों में वर्गीकृत किया गया है- स्टेज 1 – ‘खराब’ (वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 201-300); चरण 2 – ‘बहुत खराब’ (एक्यूआई 301-400); चरण 3 – ‘गंभीर’ (एक्यूआई 401-450); और चरण 4 – ‘अति गंभीर’ (एक्यूआई 450 से अधिक).

भाजपा की विचारधारा बढ़ते वायु प्रदूषण का समर्थन करती है: गोपाल राय
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के पक्ष में है, क्योंकि पार्टी ने पटाखे फोड़ने के समर्थन में तो आवाज उठाई लेकिन पंजाब सरकार को पराली नहीं जलाने के लिए किसानों को नकद प्रोत्साहन प्रदान करने में मदद नहीं की.

राय ने यहां एक निर्माण स्थल के निरीक्षण के बाद संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निर्देश के बगैर, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने के लिये ‘‘रेड लाइट आॅन गाड़ी आॅफ’’ अभियान को लागू करने पर रोक नहीं लगाते. उपराज्यपाल ने इस तरह के उपायों की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए 29 अक्टूबर को अभियान को रोक दिया था और फाइल वापस कर दी थी.

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की मानसिकता और विचारधारा वायु प्रदूषण के स्तर में वृद्धि के पक्ष में है. अगर केंद्र ने फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए किसानों को नकद प्रोत्साहन प्रदान करने की राज्य सरकार की पहल का समर्थन किया होता तो पंजाब में पराली जलाने में बड़े पैमाने पर कमी देखी जा सकती थी.’’

राय ने कहा, ‘‘हमने यह भी देखा कि भाजपा के लोग दिल्ली में (दिवाली पर) पटाखे फोड़ने का समर्थन करने में लगे थे. वे भी दिल्ली में रहते हैं. वायु प्रदूषण से लड़ने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए. दिल्ली सरकार जो कुछ कर सकती थी, कर रही है और हमें सहयोग की जरूरत है. जो लोग भाजपा से जुड़े हैं उनसे मेरा अनुरोध है कि उन अभियानों को रोकें जिनसे वायु प्रदूषण बढ़ता है.’’ उन्होंने कहा कि भाजपा को यह सोचना बंद करना चाहिए कि वायु प्रदूषण किसी एक राजनीतिक दल या राज्य विशेष की समस्या है.

दिल्ली और पंजाब की सरकारों ने इस साल जुलाई में केंद्र और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को संयुक्त रूप से पंजाब में किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए 2,500 रुपये प्रति एकड़ नकद प्रोत्साहन देने में मदद करने के लिए एक प्रस्ताव भेजा था. किसानों का कहना है कि नकद प्रोत्साहन से उन्हें धान की पराली के प्रबंधन के लिए मशीनरी के संचालन में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की लागत की पूर्ति करने में मदद मिल सकती है.

आप सरकार ने सितंबर में दिल्ली में पटाखों की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी. राय ने हाल ही में कहा था कि ‘‘कम पटाखे फोड़ने’’ के परिणामस्वरूप दिवाली की रात राजधानी में वायु प्रदूषण के स्तर में 30 प्रतिशत की गिरावट आई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu