मोरबी पुल हादसा : गुजरात में आज राज्यव्यापी शोक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Nov 2022 06:23 PM
मोरबी पुल हादसा : गुजरात में आज राज्यव्यापी शोक
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. मोरबी पुल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए गुजरात में बुधवार को राज्यव्यापी शोक के मद्देनजर अहमदाबाद और सूरत के नगर निकायों ने शोकसभा का आयोजन किया. अहमदाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित शोक सभा में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल हुए.

गांधीनगर में राज्य सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में झंडे आधे झुके रहे. कोई आधिकारिक या मनोरंजन कार्यक्रम भी आज आयोजित नहीं किया जाएगा. गुजरात के मोरबी शहर में रविवार को ब्रिटिश काल का पुल गिरने की घटना में अभी तक 135 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

अहमदाबाद के महापौर किरीट परमार ने कहा, ‘‘ हमने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए शोकसभा का आयोजन किया.’’ राज्य के अन्य हिस्सों में भी ऐसी ही शोकसभाएं आयोजित की गईं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई एक बैठक में राज्यव्यापी शोक रखने का निर्णय किया गया था. बैठक रविवार शाम पुल गिरने की घटना के बाद की स्थिति की समीक्षा के लिए की गई थी.

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट किया कि बुधवार को कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आयोजित होगा. प्रधानमंत्री मोदी ने मोरबी हादसे से संबंधित सभी पहलुओं का पता लगाने के लिए मंगलवार को ‘‘विस्तृत और व्यापक’’ जांच का आह्वान किया था. उन्होंने दुर्घटनास्थल का दौरा किया था और उस स्थानीय अस्पताल में भी गए थे, जहां इस हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज चल रहा है.

मोदी ने राहत एवं बचाव कार्यों में शामिल लोगों से बातचीत भी की थी और उनके प्रयासों की सराहना की थी. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, मोदी ने स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘समय की मांग है कि एक विस्तृत और व्यापक जांच की जाए, जिससे इस हादसे से संबंधित सभी पहलू सामने आएंगे.’’ उन्होंने कहा कि इस जांच से मिले सबक को जल्द से जल्द अमल में लाया जाना चाहिए. मोदी ने कहा कि अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दुख की इस घड़ी में उन्हें हर संभव मदद मिले.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu