जी-20 के लोगो में कमल के फूल को शामिल करने पर कांग्रेस व भाजपा में वाकयुद्ध

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Nov 2022 09:59 PM
जी-20 के लोगो में कमल के फूल को शामिल करने पर कांग्रेस व भाजपा में वाकयुद्ध
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जी-20 के लोगो में कमल के फूल को शामिल किये जाने पर बुधवार को सियासी घमासान शुरू हो गया और कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह अपने चुनाव चिन्ह को बढ़ावा दे रही है, वहीं सत्तारूढ़ दल ने दावा किया कि प्रतिद्वंद्वी पार्टी भारत के राष्ट्रीय पुष्प को बदनाम कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले ही भारत की अध्यक्षता में होने वाले जी-20 के सम्मेलन के लिए लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया था.

कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल चौंकाने वाला है. साथ ही विपक्षी दल ने कटाक्ष किया कि प्रधानमंत्री तथा उनकी पार्टी खुद के प्रचार का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा, ‘‘70 वर्ष से अधिक समय पहले जवाहर लाल नेहरू ने कांग्रेस के झंडे को भारत का ध्वज बनाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था. अब, भाजपा का चुनाव चिह्न जी-20 की भारत की अध्यक्षता के लिए आधिकारिक लोगो बन गया है.’’

भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि 1950 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा कमल को राष्ट्रीय पुष्प घोषित किया गया था. भाजपा ने इसके साथ ही सवाल किया कि कांग्रेस हर राष्ट्रीय प्रतीक को क्यों ‘बदनाम’ करती है. पार्टी ने यह भी कहा कि कांग्रेस का रुख हिंदू धर्म का “अपमान” है क्योंकि कमल देवी लक्ष्मी और देवी सरस्वती से संबंधित है.

सरकार के बयान के अनुसार जी-20 का लोगो भारत के राष्ट्रीय ध्वज के जीवंत रंगों से प्रेरित है- केसरिया, सफेद और हरा, और नीला. इसमें भारत के राष्ट्रीय फूल कमल के साथ पृथ्वी को जोड़ा गया है, जो चुनौतियों के बीच विकास को दर्शाता है. लोगो के अनावरण पर प्रतिक्रिया देते हुए रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘यह चौंकाने वाली बात है, लेकिन अब हम जानते हैं कि श्रीमान मोदी और भाजपा बेशर्मी के साथ खुद के प्रचार का कोई अवसर नहीं छोड़ेंगे.’’ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उन पर पलटवार करते हुए कहा कि 1950 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कमल को राष्ट्रीय पुष्प घोषित किया था और रमेश का जन्म 1954 में हुआ था.

पुरी ने कहा, “भगवान ही जानता है कि कांग्रेस क्यों राष्ट्रीय प्रतीकों को कमजोर और बदनाम करने में लगी है….’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को मोदी को ध्यान से सुनना चाहिए कि कमल जी20 लोगो का हिस्सा क्यों है. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रीय पुष्प देवी लक्ष्मी का आसन भी होता है. उन्होंने रमेश के ट्वीट के स्क्रीनशॉट के साथ ट्विटर पर सवाल किया, “क्या आप हमारे राष्ट्रीय पुष्प के खिलाफ हैं?”

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा और जी-20 के लोगो में कमल चिह्न के उपयोग के बारे में कांग्रेस की आपत्ति को हिंदू धर्म का “अपमान” कहा क्योंकि यह फूल देवी लक्ष्मी और देवी सरस्वती से संबंधित है. भाजपा नेता ने कहा, “विपक्षी पार्टी को पता होना चाहिए कि कमल राष्ट्रीय पुष्प है और इसे कांग्रेस सरकार ने चुना था. इसलिए, पार्टी नेताओं की मौजूदा पीढ़ी को अपने पूर्वजों के फैसले का सम्मान करना चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu