कोयंबटूर कार विस्फोट मामला : NIA ने तमिलनाडु में कई स्थानों पर तलाशी ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Nov 2022 06:45 PM
कोयंबटूर कार विस्फोट मामला : NIA ने तमिलनाडु में कई स्थानों पर तलाशी ली
ऑडियो सुनें

कोयंबटूर. कोयंबटूर में एक मंदिर के सामने कार सिलेंडर विस्फोट मामले की जांच कर रहे राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने तमिलनाडु के आठ जिलों में 40 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. एनआईए प्रवक्ता के अनुसार, तमिलनाडु में चेन्नई, कोयंबटूर, तिरुवल्लूर, तिरुप्पुर, नीलगिरी, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और नागपत्तिनम तथा पड़ोसी केरल जिले के पालक्काड़ जिले में एक स्थान पर तलाशी ली गयी.

गौरतलब है कि दिवाली की पूर्व संध्या पर 23 अक्टूबर को कोट्टई ईश्वरन मंदिर के सामने विस्फोटकों से लदी कार में विस्फोट हुआ था.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट के प्रति सहानुभूति रखने वाले आरोपी जमीशा मुबिन एक आत्मघाती हमला करने तथा किसी खास धर्म के प्रतीकों एवं स्मारकों को भारी नुकसान पहुंचाने तथा एक विशेष समुदाय के बीच आतंक पैदा करने की योजना बना रहा था. पहले यह मामला कोयंबटूर में उक्कदम पुलिस थाने में दर्ज किया गया तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर 27 अक्टूबर को एनआईए ने फिर से मामला दर्ज किया.

एनआईए ने बृहस्पतिवार को तलाशी के दौरान संदिग्धों के आवास से डिजीटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए.
इस मामले में अभी तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों ने आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए एक आॅनलाइन खरीदारी मंच से जमीशा मुबिन के साथ इम्प्रोवाइस्ड एक्सप्लोसिव डिवासेस (आईईडी) बनाने के लिए विभिन्न रसायन तथा अन्य सामान खरीदने की साजिश रची थी. प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच चल रही है.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने यह कहते हुए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की सिफारिश की थी कि इसमें ‘‘बाहरी तत्वों’’ की संलिप्तता थी और उनके ‘‘अंतरराष्ट्रीय तार जुड़े हो सकते हैं.’’ इसके बाद मामले को एनआईए को सौंपा गया. विस्फोट के दिन 29 वर्षीय मुबीन के घर से 75 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किया गया था. मुबीन की मंदिर के सामने कार में गैस सिलेंडर विस्फोट के दौरान मौत हो गयी थी. ऐसा संदेह है कि कार में जब विस्फोट हुआ, तो उसमें विस्फोटक भरे हुए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu