जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में मुठभेड़ में जैश का विदेशी आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 11 Nov 2022 09:01 PM
जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में मुठभेड़ में जैश का विदेशी आतंकवादी ढेर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई एक मुठभेड़ में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का एक विदेशी आतंकी मारा गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा बलों ने शोपियां के कापरेन इलाके में आतंकवादी की मौजूदगी के संबंध में पुलिस द्वारा मिली विशेष सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया.

उन्होंने कहा, ‘‘आम लोगों को किसी तरह का नुकसान न हो, इसके लिए सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने शिक्षकों और छात्रों को पास के एक मदरसे से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया.’’ प्रवक्ता ने कहा कि टीम जैसे ही उस स्थान पर पहुंची छिपे हुए आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलियां चलायी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई.

उन्होंने कहा, ‘‘मुठभेड़ शुरू होने पर जैश-ए-मोहम्मद का कमरान भाई उर्फ हनीस नामक विदेशी आतंकवादी मारा गया और मुठभेड़ स्थल से उसका शव बरामद किया गया.’’ पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार मारा गया आतंकी पुलिस और आम नागरिकों पर हमले समेत कई आतंकवादी घटनाओं में शामिल था.

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मारा गया आतंकवादी कुलगाम-शोपियां क्षेत्र में सक्रिय था और आतंकवादी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचने के अलावा, भोले-भाले युवाओं को आतंकी गुटों में शामिल होने के लिए भर्ती को लेकर प्रेरित कर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रहा था.’’ कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने बिना किसी नुकसान के सफल अभियान के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को बधाई दी. उन्होंने अभियान को एक बड़ी सफलता बताया क्योंकि आतंकी के खात्मे से फिदायीन और अन्य आतंकवादी हमलों के संभावित खतरे को विफल कर दिया गया.

पुलवामा से लश्कर आतंकियों के चार मददगार गिरफ्तार

जम्मू कश्मीर के पुलवामा से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के चार मददगारों को गिरफ्तार किया गया है. वे सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी विस्फोटक लगाने की योजना बना रहे थे. पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से विस्फोटक समेत आपत्तिजनक सामग्री बरामद की.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों की पहचान करामत-उल-लाह रेशी, सुहैल बशीर गनी, आदिल गनी लोन और इरशाद अहमद कुमार के तौर पर हुई है. मामले में दो अन्य को हिरासत में लिया गया है. शुरुआती जांच के दौरान, यह पाया गया कि आतंकवादियों के मददगार लश्कर के आतंकवादी कमांडर (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर निवासी) बाबर उर्फ समामा के संपर्क में थे.

प्रवक्ता ने बताया कि वे त्राल इलाके में आईईडी लगाने की योजना बना रहे थे ताकि पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाया जा सके. उन्होंने बताया कि वे लश्कर के सक्रिय आतंकवादियों को हथियारों और गोला-बारूद पहुंचाने में भी शामिल थे. प्रवक्ता के मुताबिक, मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu