धोराजी/बुलढाणा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को सवाल किया कि कांग्रेस किस नैतिक आधार पर गुजरात में वोट मांग रही है, जब उसके नेता की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में वह महिला शामिल हुई जिसने तीन दशकों तक नर्मदा बांध परियोजना को बाधित किया था. मोदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में की जा रही भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को महाराष्ट्र में ‘नर्मदा बचाओ आंदोलन’ की कार्यकर्ता मेधा पाटकर के शामिल होने का संदर्भ देते हुए यह कहा.
गुजरात के राजकोट जिला स्थित धोराजी नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध बनाने की महत्वाकांक्षी परियोजना में इसलिए देरी हुई कि कई लोगों ने इसे रोकने की बहुत कोशिश की. उन्होंने कहा, ‘‘कच्छ और काठियावाड़ (सौराष्ट्र क्षेत्र) को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नर्मदा परियोजना ही एकमात्र समाधान थी. आपने कल देखा होगा कि कैसे कांग्रेस के एक नेता उस महिला के साथ पदयात्रा कर रहे थे, जो सरदार सरोवर बांध विरोधी कार्यकर्ता थी. उन्होंने तथा अन्य लोगों ने कानूनी बाधाएं पैदा कर तीन दशकों तक परियोजना रूकवा दी.’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ इन कार्यकर्ताओं ने इसलिए प्रदर्शन किया कि यहां पानी नहीं पहुंचे.’’ उन्होंने कार्यकर्ताओं पर गुजरात को इस हद तक बदनाम करने का आरोप लगाया कि विश्व बैंक ने भी इस परियोजना के लिए वित्त मुहैया करना रोक दिया था. उन्होंने कहा, ‘‘जब कांग्रेस आपके पास वोट मांगने आए, तो मैं चाहता हूं कि आप उनसे पूछे कि विपक्षी पार्टी किस नैतिक आधार पर वोट मांग रही है जब उनके नेता एक ऐसी महिला के साथ पदयात्रा कर रहे हैं जो नर्मदा परियोजना के खिलाफ थी. मैं आपसे कांग्रेस से यह सवाल पूछने का अनुरोध करता हूं.’’
मोदी ने कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने छोटे बांध बनाना, नए कुएं और झीलों की खुदाई तथा पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने जैसी विभिन्न योजनाओं के जरिए पानी की कमी के मुद्दे का हल करने के लिए 20 साल तक कड़ी मेहनत की.
उन्होंने कहा, ‘‘आज पूरे कच्छ-काठियावाड़ क्षेत्र को पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए पानी मिल रहा है. हम समस्याओं का स्थायी समाधान करने में यकीन रखते हैं. हम समझते हैं कि पानी और बिजली विकास के लिए जरूरी है. कांग्रेस सरकार की केवल हैंडपम्प लगाने में दिलचस्पी थी.’’ गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में, एक और पांच दिसंबर को मतदान होगा. मतगणना आठ दिसंबर को होगी. धोराजी इलाके में मतदान एक दिसंबर को होगा.
अमोल पालेकर और संध्या गोखले भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए
प्रसिद्ध अभिनेता अमोल पालेकर और उनकी लेखक तथा फिल्मकार पत्नी संध्या गोखले ने रविवार को यहां महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा के महाराष्ट्र चरण के आखिरी दिन पालेकर और उनकी पत्नी यहां यात्रा में शामिल हुए, जहां से रात को यह यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी.
कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से राहुल के साथ पालेकर और गोखले की तस्वीरें साझा की गई हैं. पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए आज प्रसिद्ध अभिनेता और फिल्म निर्देशक अमोल पालेकर अपनी पत्नी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए. देश की आवाज उठाने के लिए धन्यवाद .’’ इससे पहले सिने जगत से पूजा भट्ट, रिया सेन,सुशांत सिंह, मोना अम्बेगांवकर, रश्मि देसाई और आकांक्षा पुरी जैसी विभिन्न हस्तियों ने भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था.