भारत जोड़ो यात्रा में नहीं लगा “पाकिस्तान जिंदाबाद” का नारा, फर्जी वीडियो की जांच हो : दिग्विजय सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Nov 2022 07:11 PM
भारत जोड़ो यात्रा में नहीं लगा “पाकिस्तान जिंदाबाद” का नारा, फर्जी वीडियो की जांच हो : दिग्विजय सिंह
ऑडियो सुनें

इंदौर. “पाकिस्तान जिंदाबाद” के कथित नारे वाले वीडियो पर जारी विवाद के बीच “भारत जोड़ो यात्रा” की आयोजन समिति के प्रमुख दिग्विजय सिंह ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई वाली पदयात्रा में ऐसा कोई नारा अब तक नहीं लगाया गया. इंदौर में यात्रा के पड़ाव के दौरान सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “हम भारत जोड़ो यात्रा के तहत अब तक करीब 2,250 किलोमीटर चल चुके हैं, लेकिन कहीं भी इस यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा नहीं लगाया गया.” सिंह ने कहा कि उन्होंने हालांकि विवादास्पद वीडियो नहीं देखा है, लेकिन उन्हें बताया गया है कि यात्रा के बाहर के किसी अज्ञात व्यक्ति ने छत पर चढ़कर एक नारा लगाया और इसे फर्जीवाड़े के जरिये यात्रा से जोड़ दिया.

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य ने विवादास्पद वीडियो पर कहा, “मुझे पता चला है कि चंद सेकंड का एक वीडियो क्लिप सामने आया है. अब यह शासन-प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह फर्जी वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पहचान करे और उसे गिरफ्तार करके सख्त से सख्त सजा दिलाए.” सिंह ने कहा कि “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे वाले कथित वीडियो के मामले की जांच में कांग्रेस द्वारा पुलिस को पूरा सहयोग दिया जाएगा.

उन्होंने इस मामले को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा तूल दिए जाने पर सत्तारूढ़ दल के खिलाफ निशाना साधा. सिंह ने कहा,”भाजपा जब तक हिंदू-मुसलमान और हिंदुस्तान-पाकिस्तान की बात नहीं करती, उसका खाना नहीं पचता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu