तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष की पदयात्रा, बैठक के लिये अदालत ने सशर्त मंजूरी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Nov 2022 06:18 PM
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष की पदयात्रा, बैठक के लिये अदालत ने सशर्त मंजूरी दी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना उच्च न्यायालय ने सोमवार को प्रदेश भाजपा प्रमुख और सांसद बी. संजय कुमार को उनकी ‘प्रजा संग्राम यात्रा’ के पांचवें चरण और निर्मल जिले के भैंसा शहर में एक जनसभा करने की सशर्त अनुमति दी. अदालत ने कहा कि पदयात्रा शहर के बाहर आयोजित की जाएगी.

तेलंगाना पुलिस ने कुमार को उनकी ‘प्रजा संग्राम यात्रा’ के पांचवें चरण और निर्मल जिले के भैंसा शहर में एक जनसभा की अनुमति देने से इनकार करते हुए ‘‘सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील’’ स्थिति का हवाला दिया था. भाजपा ने इसके खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी. पदयात्रा और बैठक के लिए मंजूरी की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के बाद उच्च न्यायालय ने पैदल मार्च और बैठक की सशर्त अनुमति दी.

अदालत ने निर्देश दिया कि पदयात्रा अधिकतम 500 लोगों के साथ भैंसा शहर के बाहर आयोजित की जानी चाहिए और बैठक का स्थान भैंसा शहर से तीन किलोमीटर दूर होना चाहिए, जिसमें लोगों की उपस्थिति 3,000 से अधिक न हो. अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि बैठक अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे के बीच होनी चाहिए और कोई भड़काऊ भाषण और कोई भड़काऊ नारेबाजी नहीं होनी चाहिए. तेलंगाना भाजपा के आधिकारिक प्रवक्ता एन वी सुभाष ने कहा कि पार्टी सार्वजनिक सभाओं और पदयात्रा के आयोजन पर उच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों का पालन करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu