एग्जिट पोल: गुजरात में फिर से भाजपा की सरकार बनने के आसार, हिमाचल में कड़ी टक्कर का अनुमान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Dec 2022 09:09 PM
एग्जिट पोल: गुजरात में फिर से भाजपा की सरकार बनने के आसार, हिमाचल में कड़ी टक्कर का अनुमान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कई एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में सोमवार को यह अनुमान जताया गया कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से सरकार बना सकती है, तो हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर के आसार हैं. सभी सर्वेक्षणों में कहा गया है कि गुजरात में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है, तो वहीं कई एग्जिट पोल में हिमाचल प्रदेश में उसे बढ़त दिखाई गई है. कुछ सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है.

‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि गुजरात में भाजपा को 129 से 151 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 16 से 30 सीट मिलने का अनुमान है. गुजरात में आम आदमी पार्टी को 9-11 सीट मिल सकती है.

‘एबीपी-सी वोटर’ के सर्वेक्षण के अनुसार, गुजरात में भाजपा को 128 से 140 सीट प्राप्त हो सकती है, तो कांग्रेस को 31 से 43 सीट के साथ संतोष करना पड़ सकता है. आप को तीन से 11 सीट मिल सकती है.

‘न्यूज एक्स-जन की बात’ के एग्जिट पोल में अनुमान जताया गया है कि गुजरात में भाजपा को 117 से 140 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस के खाते में 34 से 51 सीट आ सकती है. आप को 6-13 सीट मिलने का अनुमान है.

‘रिपब्लिक टीवी-पीमार्क’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में भाजपा को 128 से 148 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 30 से 42 सीट मिलने का अनुमान है. आम आदमी पार्टी को 2-10 सीट मिल सकती है. गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 93 सीट के लिए सोमवार को मतदान हुआ. इससे पहले एक दिसंबर को 89 सीट पर मतदान हुआ था.

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ी टक्कर के अनुमान जताए गए हैं. हालांकि, कई सर्वेक्षणों में कहा गया है कि भाजपा को बढ़त मिल सकती है. ‘

इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है. इसके अनुसार, कांग्रेस को 44 प्रतिशत मतों के साथ 30 से 40 सीट मिल सकती है, तो सत्तारूढ़ भाजपा को 42 प्रतिशत मतों के साथ 24 से 34 सीट हासिल हो सकती है.

‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्य’ के सर्वेक्षण में कहा गया है कि हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस को 33-33 सीट मिल सकती है.
‘इंडिया टीवी-मैट्रिज’ के चुनाव बाद सर्वेक्षण में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा को 35 से 40 सीट मिल सकती है, जबकि कांग्रेस को 26 से 31 सीट पाकर एक बार फिर से विपक्ष में रहना पड़ सकता है.

‘न्यूज एक्स-जन की बात’ के एग्जिट पोल में भी हिमाचल प्रदेश में भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है. इसमें कहा गया है कि भाजपा को 32 से 40 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 27 से 34 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है.

‘रिपब्लिक टीवी-पीमार्क’ के सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा को 34 से 39 सीट मिल सकती है, जबकि कांग्रेस को 28 से 33 सीट हासिल हो सकती है. हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 नवंबर को मतदान हुआ था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu