‘आप’ ने 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल किया, गुजरात के लोगों के शुक्रगुजार हैं : संजय सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Dec 2022 09:02 PM
‘आप’ ने 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल किया, गुजरात के लोगों के शुक्रगुजार हैं : संजय सिंह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने महज 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल किया और इसके लिए उन्होंने गुजरात की जनता का शुक्रिया अदा किया. सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं ने कड़ी मेहनत की और ‘‘हम गुजरात के लोगों के शुक्रगुजार हैं जिनकी वजह से हमें यह पहचान मिली.’’

उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘आप सिर्फ 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने में कामयाब रही. यही इस पार्टी के विकास की गति है. हमें गुजरात में करीब 35 लाख वोट मिले. सभी नेताओं ने कड़ी मेहनत की और गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, फिर भी आप 35 लाख वोट हासिल करने में कामयाब रही.’’

भाजपा गुजरात में भारी जीत की ओर अग्रसर दिखाई दे रही है क्योंकि नवीनतम रुझानों से पता चलता है कि पार्टी इस महीने की शुरुआत में राज्य की 182 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में 155 सीटों पर आगे चल रही थी. कांग्रेस 18 सीटों पर बढ़त के साथ काफी पीछे दूसरे स्थान पर है जबकि आम आदमी पार्टी छह सीटों पर आगे चल रही है. निर्वाचन आयोग ने कहा कि एक निर्दलीय समेत तीन सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे हैं.

भाजपा के गुजरात किले में सेंध लगाने में लोगों ने आप की मदद की, अगली बार जीत की उम्मीद: केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुजरात किले में सेंध लगाने में मदद के लिए राज्य के लोगों को बृहस्पतिवार को धन्यवाद दिया और अगले विधानसभा चुनाव में राज्य में अपनी पार्टी की जीत की उम्मीद जताई.

केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा कि हालांकि आप ने गुजरात में ज्यादा सीट नहीं जीती हैं लेकिन उसे मिले मतों ने उसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने में मदद की. उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने में मदद करने के लिए मैं गुजरात के लोगों का शुक्रगुजार हूं. बहुत कम दलों को यह दर्जा मिला है और अब हम उनमें से एक हैं. हमारी पार्टी केवल 10 साल पुरानी है.” गुजरात में आप ने अब तक चार विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है और एक सीट पर आगे चल रही है, जहां भाजपा भारी जीत की ओर अग्रसर है.

केजरीवाल ने कहा कि गुजरात को भाजपा का ‘किला’ माना जाता है और राज्य के लोगों ने इसमें सेंध लगाने में आम आदमी पार्टी (आप) की मदद की है. उन्होंने कहा, “उम्मीद है, अगली बार हम इसे जीतने में सफल होंगे.” केजरीवाल ने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी पार्टी और नेताओं ने कभी भी कीचड़ उछालने या गाली-गलौज की राजनीति नहीं की. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केवल सकारात्मक चीजों और दिल्ली तथा पंजाब में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बात की, जहां आप सत्ता में है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu