कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल की जीत का श्रेय प्रियंका के प्रचार अभियान और रणनीति को दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Dec 2022 07:38 PM
कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल की जीत का श्रेय प्रियंका के प्रचार अभियान और रणनीति को दिया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के कई नेताओं ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का श्रेय प्रियंका गांधी वाद्रा के चुनाव प्रचार अभियान और रणनीति को दिया. पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने उना, सिरमौर, कांगड़ा और सिरमौर में चुनावी सभाएं की थीं. विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को जनादेश देने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता का दिल से धन्यवाद व अभिवादन. ये जीत हिमाचल की जनता के मुद्दों व उन्नति के संकल्प की जीत है. कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी ढेर सारी शुभकामनाएं. आपकी मेहनत रंग लाई.’’ कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि प्रियंका गांधी ने इस चुनाव में कड़ी मेहनत की.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में पूरी शिद्दत से प्रचार अभियान चलाया. उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की जीत का असर उन राज्यों पर भी होगा, जहां अगले साल चुनाव होने वाले हैं. कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी ने न सिर्फ पूरे प्रचार अभियान की कमान संभाली थी, बल्कि रणनीति को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले कर रही थीं.

प्रियंका गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्टारक प्रचारक के रूप में राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी पूरी ताकत झोंकी थी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लिए हिमाचल के नतीजे इस मायने में भी महत्वपूर्ण हैं कि इस साल की शुरुआत में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में निराशाजनक प्रदर्शन किया था, जहां प्रियंका ने प्रचार की कमान संभाली थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu