प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ राजा पटेरिया की टिप्पणी के लिए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Dec 2022 05:43 PM
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ राजा पटेरिया की टिप्पणी के लिए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रियों सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता राजा पटेरिया की ओर से की गई टिप्पणी के लिए सोमवार को प्रमुख विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा. सोशल मीडिया पर सोमवार सुबह सामने आए एक वीडियो में पटेरिया को कांग्रेस कार्यकर्ताओं से यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘मोदी चुनाव खत्म कर देंगे. मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर (लोगों को) बांट देंगे. दलितों का, आदिवासियों का, अल्पसंख्यकों का भावी जीवन खतरे में है. संविधान बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो. हत्या का मतलब है, हराने का काम करो.’’ पटेरिया का यह कथित वीडियो मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई कस्बे का है.

केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने पटेरिया के इस बयान के लिए कांग्रेस की घोर निंदा की और कहा, ‘‘यह कांग्रेस की हिंसक मानसिकता का परिचायक है. इस प्रकार की मानसिकता के कारण ही देश भर में कांग्रेस का पराभव हुआ है.’’ उन्होंने कहा कि इस ‘‘निंदनीय और घृणित’’ बयान के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को माफÞी मांगनी चाहिए और मध्य प्रदेश सरकार को घटना को संज्ञान में लेकर कार्यवाही करनी चाहिए.

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करने का कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी को ‘‘मौत का सौदागर’’ कहा था, वहीं वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में प्रधानमंत्री की तुलना ‘‘रावण’’ से की थी.

उन्होंने कहा कि पटेरिया का बयान कांग्रेस शासन के दौरान पनपी ‘‘हत्या की राजनीति’’ को रेखांकित करता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता ने समय-समय पर सबक सिखाया है, लेकिन फिर भी उसने कोई सीख नहीं ली है. चौबे ने पटेरिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की.

भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने पटेरिया को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग की. मध्य प्रदेश सरकार ने पटेरिया के खिलाफ प्राथिमिकी दर्ज की है. इसी बीच, पटेरिया ने एक वीडियो बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उनका इरादा चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी को हराना था, लेकिन उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu