रघुराम राजन का भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना कोई आश्चर्य की बात नहीं: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Dec 2022 08:07 PM
रघुराम राजन का भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना कोई आश्चर्य की बात नहीं: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के कांग्रेस की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ में शामिल होने के बाद उन पर तंज कसते हुए बुधवार को कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था पर उनकी टिप्पणी को ‘‘तुच्छ समझकर’’ खारिज कर दिया जाना चाहिए क्योंकि वह ‘‘अवसरवाद’’ का परिचायक थी.

भाजपा के विदेश विभाग के प्रमुख विजय चौथाईवाले ने ट्वीट किया, ‘‘आरबीआई के एक पूर्व गवर्नर सरकार के प्रमुख बने और देश ने 10 कीमती साल गंवा दिए. मोदी का शुक्रिया कि भारत उस गलती को नहीं दोहराएगा. आरआरआर (रघुराम राजन) दिल्ली से शिकागो तक पैदल जा सकते हैं.’’

पार्टी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, ‘‘आरबीआई के पूर्व गवर्नर और कांग्रेस द्वारा नियुक्त रघुराम राजन का राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है. वह खुद को अगले मनमोहन सिंह के रूप में देखते हैं. भारत की अर्थव्यवस्था पर उनकी टिप्पणी को तुच्छ समझकर खारिज कर दिया जाना चाहिए. यह अवसरवादी है.’’ ज्ञात हो कि राजन राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दौरान राजस्थान में शरीक हुए.

कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के दौरान आरबीआई गवर्नर नियुक्त किए गए राजन भाजपा सरकार की नीतियों के कुछ पहलुओं के आलोचक रहे हैं. भाजपा ने जहां राजन पर निशाना साधा, वहीं कांग्रेस नेताओं ने प्रख्यात अर्थशास्त्री के यात्रा में शामिल होने पर खुशी जताई.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘‘एक मजबूत और अच्छी अर्थव्यवस्था विकास और कल्याण का एक संयोजन है. हमारा विजन उस भारत को फिर से हासिल करना है. हमें खुशी है कि आरबीआई के पूर्व गवर्नर और प्रमुख अर्थशास्त्री, रघुराम राजन भविष्य के लिए एक एजेंडा बनाने के हमारे प्रयास में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu