खरगे, राहुल, कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री की मां के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Dec 2022 05:43 PM
खरगे, राहुल, कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री की मां के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कई अन्य पार्टी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी की मां हीराबेन मोदी के अस्वस्थ होने पर बुधवार को ंिचता जताई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

खरगे ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माताजी के स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं. आशा है कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं.’’ राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘एक मां और बेटे के बीच का प्यार अनन्त और अनमोल होता है. मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है. मैं कामना करता हूं कि आपकी माताजी जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं.’’

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की माता जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ. इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले.’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी की पूज्य माता जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है. हम सब उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं.’’

प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन मोदी को बुधवार को तबीयत खराब होने के बाद अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट आॅफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में उन्हें भर्ती कराया गया है. सेंटर के अनुसार, 100 वर्षीय हीराबेन मोदी की हालत स्थिर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu