प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन की हालत में सुधार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Dec 2022 06:15 PM
प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन की हालत में सुधार
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. अहमदाबाद के जिस अस्पताल में वह भर्ती हैं, उसने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. हीराबेन (99) को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते बुधवार को सुबह ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट आॅफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया था. प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को दोपहर में दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे थे और यहां अस्पताल में अपनी मां से मुलाकात की थी. वह एक घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में रुके थे.

उन्होंने सिविल अस्पताल के परिसर में स्थित सरकार द्वारा वित्तपोषित स्वायत्त चिकित्सा सुविधा में चिकित्सकों से भी बात की थी.
अस्पताल ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा, ‘‘श्रीमती हीराबा मोदी की सेहत में सुधार हो रहा है.’’ इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी के बड़े भाई सोमभाई मोदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ उनकी (हीराबेन) हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. वह अभी काफी बेहतर हैं. वे अपने हाथ और पैर भी हिला पा रही हैं. उन्होंने इशारों में हमें बताया कि हम उन्हें बिठा दें . साथ ही उन्होंने अस्पताल की ओर से दिया गया तरल आहार भी ग्रहण किया. ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ आज सीटी स्कैन और एमआरआई किए जाने के बाद चिकित्सक उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने के संबंध में फैसला करेंगे.’’ अस्पताल ने बुधवार को कहा था कि प्रधानमंत्री की मां की हालत स्थिर है. हीराबेन गांधीनगर शहर के पास रायसन गांव में प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ रहती हैं. उन्हें हीरा बा भी कहा जाता है. प्रधानमंत्री जब भी गुजरात दौरे पर आते हैं, तो नियमित रूप से रायसन जाकर अपनी मां से मिलते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu