आंध्र भगदड़: मृतक संख्या बढ़कर आठ हुई, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने अनुग्रह राशि की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Dec 2022 08:53 PM
आंध्र भगदड़: मृतक संख्या बढ़कर आठ हुई, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने अनुग्रह राशि की घोषणा की
ऑडियो सुनें

अमरावती. आंध्र प्रदेश में नेल्लूर जिले के कन्दुकुर में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भगदड़ की घटना में घायल एक और व्यक्ति के दम तोड़ देने के साथ ही इसमें जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

तेदेपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू बुधवार को जब एक रोड शो को संबोधित कर रहे थे, तब नाले में गिरने से कुछ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि आठ घायल हो गए थे. मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग सभास्थल पर पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ लोगों के एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में धक्का-मुक्की हो गई और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई. कुछ घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

नायडू ने इस घटना के तत्काल बाद अपनी सभा रद्द कर दी और मृतकों के निकटस्थ परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और पार्टी के नेताओं से घायलों के लिए बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने को भी कहा. संपर्क किये जाने पर नेल्लूर के पुलिस अधीक्षक चौ. विजय राव ने कहा कि उन्होंने इस घटना के सिलसिले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है.

मृतकों की पहचान डी. रवींद्र बाबू, काकुमानु राजा, वाई. विजया, मरलापति चिनकोटैया, यू. पुरुषोत्तम, गेद्दाम मधु, के. यनादी और राजेश्वरी के रूप में हुई है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त किया और जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की.

प्रधामनंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से एक ट्वीट में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के नेल्लूर में जनसभा में हुए हादसे की खबर सुनकर दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे.’’

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के निकटस्थ परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. रेड्डी ने एक बयान में कहा कि उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का भी निर्देश दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu