शोक के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने नहीं टाले आधिकारिक कामकाज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 30 Dec 2022 07:55 PM
शोक के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने नहीं टाले आधिकारिक कामकाज
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद/नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी मां के निधन का अपने आधिकारिक कार्यक्रमों पर असर नहीं पड़ने दिया. मां का अंतिम संस्कार करने के कुछ घंटों के भीतर, मोदी ने यहां राजभवन से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस और कोलकाता में अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.

अहमदाबाद के एक अस्पताल में 99 साल की उम्र में मोदी की मां हीराबेन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया. स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बाद उन्हें बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मोदी को 7,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए पश्चिम बंगाल का दौरा करना था लेकिन मां के निधन के बाद उन्हें अहमदाबाद आना पड़ा.

प्रधानमंत्री सुबह करीब साढ़े नौ बजे अहमदाबाद पहुंचे और हीराबेन का अंतिम संस्कार किया और करीब साढ़े 11 बजे वीडियो कांफ्रेंस के जरिए कोलकाता में कार्यक्रमों को संबोधित किया. मोदी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने, कोलकाता मेट्रो के जोका-टाटातला खंड का उद्घाटन करने और हावड़ा रेलवे स्टेशन पर विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करने वाले थे और दोपहर 12 बजे कोलकाता में राष्ट्रीय गंगा परिषद की दूसरी बैठक की अध्यक्षता करने वाले थे. अहमदाबाद पहुंचने के बाद मोदी ने डिजिटल माध्यम से इन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और वीडियो कांफ्रेस के जरिए ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई.

मां के निधन के बाद भी आधिकारिक कार्यक्रमों को जारी रखने के लिए भाजपा नेताओं ने ‘कर्मयोगी’ मोदी को सराहा

अपनी मां को खोने के दिन भी आधिकारिक कार्यक्रमों को जारी रखने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फैसले की उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य नेताओं ने प्रशंसा की और उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की तथा उन्हें ‘‘कर्मयोगी’’ बताया.

अपनी मां हीराबेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद मोदी ने पश्चिम बंगाल में 7,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मोदी को आज बंगाल जाना था लेकिन मां के निधन के कारण वहां नहीं जा सके. उनका अंतिम संस्कार करने के बाद मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बंगाल के कार्यकम में भागीदारी की.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केरल में एक कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे (मंत्रियों से) कहा कि वे अपने निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द न करें और अपना काम पूरा करने के बाद ही दिल्ली लौटें. गृह मंत्री अमित शाह ने भी कर्नाटक में अपने निर्धारित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. भाजपा नेताओं ने बंगाल में आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रधानमंत्री की तस्वीरें डिजिटल माध्यम से साझा कीं और ‘‘देश को पहले’’ रखने के लिए उनकी प्रशंसा की.

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘‘दुखी हैं, लेकिन देश सर्वप्रथम!! हमारे प्रधानमंत्री की एक सर्वविदित विशेषता.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ अपनी मां के अंतिम संस्कार के कुछ घंटों बाद भी उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेना जारी रखा. एक सच्चा कर्मयोगी. सलाम! हमारे जैसे अनगिनत कार्यकर्ता आपके सर्वोच्च प्रयासों और प्रतिबद्धता से प्रेरित और ऊर्जावान हैं.’’ एक अन्य केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मोदी की कर्तव्यपरायणता, समर्पण और त्याग की प्रशंसा की.

प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए उनके कैबिनेट सहयोगी गिरिराज सिंह ने कहा कि एक व्यक्ति के लिए इतना समर्पण संभव नहीं है. तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्र पहले, स्व: अंत में. मेरे प्रधानमंत्री, मेरा गौरव!’’ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि ने कहा, ‘‘कोई भी चीज, यहां तक कि व्यक्तिगत क्षति भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत माता के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने से नहीं रोक सकती है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu