बंगाल: मालगाड़ी ने दूसरी मालगाड़ी को मारी टक्कर, कोई हताहत नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Jun 2023 04:30 PM
बंगाल: मालगाड़ी ने दूसरी मालगाड़ी को मारी टक्कर, कोई हताहत नहीं
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के ओंडा में रविवार सुबह मालगाड़ी ने पहले से खड़ी एक अन्य मालगाड़ी को टक्कर मार दी. दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण कम से कम 20 एक्सप्रेस और यात्री ट्रेन रद्द की गईं और कुछ अन्य ट्रेन के मार्ग परिर्वितत किए गए.

उन्होंने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है. हालांकि हादसे से एसईआर के आद्रा मंडल में करीब चार घंटे तक रेल सेवाएं प्रभावित हुईं. तड़के करीब चार बजे हुई टक्कर के कारण आठ डिब्बे पटरी से उतर गए. उन्होंने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बों को युद्ध स्तर पर पटरियों से हटाया गया. मार्ग बहाल होने के बाद सुबह आठ बजकर 35 मिनट पर 18011 हावड़ा-चक्रधरपुर एक्सप्रेस वहां से गुजरी.

यह घटना दो जून को ओडिशा के बालासोर जिले के बहनागा बाजार स्टेशन पर हुए भीषण ट्रेन हादसे के कुछ सप्ताह बाद हुई है, जिसमें 288 लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों अन्य लोग घायल हुए थे. ओंडा बहनागा बाजार से करीब 250 किलोमीटर दूर है. एसईआर के एक अधिकारी ने बताया कि मालगाड़ी के चालक ने संभवत: सिग्नल की अनदेखी की. इससे ट्रेन ‘लूप लाइन’ पर चली गई और वहां खड़ी एक अन्य मालगाड़ी से टकरा गई. हादसे के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu