केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चर को सिगरेट पिलाने का वीडियो वायरल, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Jun 2023 07:22 PM
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चर को सिगरेट पिलाने का वीडियो वायरल, एक व्यक्ति गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

देहरादून. केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दो युवकों द्वारा एक खच्चर को सिगरेट पिलाये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है जिसे देखकर लोग सकते में हैं. पुलिस ने कहा कि इस मामले में एक खच्चर के मालिक को गिरफ्तार किया गया है. यह सिगरेट संभवत: गांजा से भरी हुई है जिसका धुआं बेजुबान जानवर को पीने के लिए मजबूर किया जा रहा है.

वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक ने कस कर खच्चर का मुंह और एक नथुना पकड़ा हुआ है, जबकि दूसरा व्यक्ति उसके दूसरे नथुने से उसे जबरदस्ती सिगरेट पिलाने का प्रयास कर रहा है. वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने खच्चर और घोड़ों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार करने वाले उनके संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

लोगों का मानना है कि ऐसा जानवर को नशे में करने के लिए किया जा रहा है ताकि उससे और अधिक काम लिया जा सके. हिमालय स्थित केदारनाथ धाम तक जाने वाले पैदल रास्ते में श्रद्धालुओं और उनके सामान को ढोने के लिए घोड़े और खच्चरों का इस्तेमाल किया जाता है.

सोनप्रयाग पुलिस थाने के निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि वीडियो का परीक्षण करने पर रूद्रप्रयाग की जिला पुलिस ने पाया कि यह घटना हाल ही में 16 किलोमीटर लंबे पैदल रास्ते पर छोटी लिंचोली के पास स्थित थारू शिविर में हुई. उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में खच्चर मालिक राकेश सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि रावत के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

यह पूछे जाने पर कि क्या सिगरेट में गांजा या इस प्रकार का कोई और नशीला पदार्थ भरा हुआ था, बलूनी ने कहा कि इस संबंध में जांच की जा रही है. इस वर्ष केदारनाथ यात्रा 25 अप्रैल को शुरू हुई थी और करीब दो माह की इस अवधि में पुलिस ने घोड़े-खच्चरों के प्रति क्रूरता के संबंध में 14 मामले दर्ज किए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu