छात्र समाज के उन वर्गों के बारे में भी सोचें, जो विकास यात्रा में पीछे रह गए हैं : द्रौपदी मुर्मू

ग्वालियर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों से समाज के उन वर्गों के बारे में भी सोचने के लिये कहा जो विकास की यात्रा में पीछे रह गए हैं. राष्ट्रपति यहां अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान के चौथे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थी .

राष्ट्रपति ने कहा, ”मैं उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले आप सभी विद्यार्थियों से यह अपेक्षा करती हूं कि आप समाज के उन लोगों के बारे में भी सोचें जो विकास की यात्रा में थोड़ा पीछे रह गए हैं. समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना आप की प्रगति के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी.” उन्होंने कहा, ”दूसरों की सहायता करने से अपनी क्षमता का विकास भी होता है, यह मेरा निजी अनुभव है.”

उन्होंने कहा, ”मेरा आग्रह है कि पिछड़े और कमजोर वर्ग के लोगों की सहायता करने पर आप विशेष ध्यान दें.” मुर्मू ने कहा कि यह खुशी की बात है कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान ग्वालियर शिक्षा का एक ऐसा उत्कृष्ट केंद्र बनने की ओर अग्रसर है जहां उच्च स्तर की शिक्षा और अनुसंधान को निरंतर बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व का संस्थान होने के नाते भी इस संस्थान का यह कर्त्तव्य है कि देश को आगे ले जाने की दिशा में नवीन प्रयास करे और ऐसे विद्यार्थी तैयार करे जो अपनी सोच और कार्य से देश और दुनिया की समस्याओं के समाधान ढूंढने में योगदान दे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button