चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर राष्ट्रपति ने कहा : ‘अविस्मरणीय क्षण’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Aug 2023 08:03 PM
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर राष्ट्रपति ने कहा : ‘अविस्मरणीय क्षण’

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और मिशन में शामिल सभी लोगों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि यह एक अविस्मरणीय क्षण है तथा वैज्ञानिकों ने इतिहास रचकर भारत को गौरवान्वित किया है.

चंद्रयान की सफल लैंडिंग देखने के बाद अपने वीडियो संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, ”चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ एक महत्वपूर्ण अवसर है. यह एक ऐसी घटना है जो जीवनकाल में एक बार होती है.” उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर ‘लैंडिंग’ के साथ ही वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है और भारत को गौरवान्वित किया है.

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ”मैं इसरो, चंद्रयान-3 मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देती हूं तथा उन्हें आगे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं.” इसरो ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम की सॉफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की. भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ.

By Yogesh Kumar Sahu