भ्रष्टाचार और हिंसा के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी : बंगाल के राज्यपाल आनंद बोस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Oct 2023 08:29 PM
भ्रष्टाचार और हिंसा के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी : बंगाल के राज्यपाल आनंद बोस
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने रविवार को कहा कि भ्रष्टाचार और हिंसा के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी. राज्यपाल ने यह बयान उत्तरी कोलकाता के सुकिया स्ट्रीट में एक सामुदायिक पूजा पंडाल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कही, जिसके मुख्य आयोजक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता कुणाल घोष हैं. घोष ने राम मोहन मिशन पूजा समिति के पंडाल में बोस का स्वागत किया. ‘अष्टमी’ पूजा के कुछ अनुष्ठानों के दौरान राज्यपाल वहां उपस्थित रहे.

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ”भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी और हिंसा के खिलाफ हमारा संघर्ष भी जारी रहेगा. भ्रष्टाचार एक रक्तबीज है और हिंसा एक ‘आसुरी शक्ति’ है. जिस तरह देवी दुर्गा ने ‘महिषासुर’ का वध किया और देवी काली ने ‘रक्तबीज’ का वध किया, हम भी भ्रष्टाचार और हिंसा को खत्म करेंगे.” घोष ने राज्यपाल के बयान को अधिक तवज्जो नहीं दी और कहा कि यह व्यापक पैमाने पर दुनिया के संदर्भ में दिया गया है.

उन्होंने दावा किया, ”राज्यपाल ने जो कहा वह पूरी दुनिया के संदर्भ में है, इसमें गाजा में हुई हिंसा भी शामिल है. इसकी किसी अन्य तरीके से व्याख्या नहीं की जानी चाहिए.” उन्होंने कहा कि यदि राज्यपाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हित में काम करते दिखे, तो टीएमसी विरोध-प्रदर्शन करना जारी रखेगी. सरकारी विश्वविद्यालयों के कामकाज जैसे विभिन्न मुद्दों पर राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ और राजभवन के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर तनाव के बीच घोष द्वारा आयोजित पूजा में राज्यपाल का जाना काफी मायने रखता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu