तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान थमा, 30 नवंबर को मतदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Nov 2023 07:54 PM
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान मंगलवार शाम पांच बजे थम गया और अब 30 नवंबर को राज्य में मतदान होगा. मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विकास राज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “शाम पांच बजे चुनाव प्रचार अभियान थम गया है. भारत के निर्वाचन आयोग ने विभिन्न पाबंदियां लगा दी हैं.” निर्वाचन आयोग ने नौ अक्टूबर को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी, जिसके बाद राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी. राज्य में 3.26 करोड़ पात्र मतदाता हैं.

राज ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के लिए 2.5 लाख से अधिक कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात होंगे. सीईओ के अनुसार, पूरे राज्य में दंड प्रकिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है. भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए जी जान लगा रही है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी सत्ता में आने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ी है.

आगामी चुनाव में बीआरएस प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर), उनके पुत्र केटी रामा राव, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ए. रेवंत रेड्डी और भाजपा के लोकसभा सदस्य बंदी संजय कुमार, डी. अरविंद और सोयम बापूराव समेत 2,290 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.

केसीआर कामारेड्डी और गजवेल से अपनी किस्मत आजमाएंगे, वहीं रेवंत रेड्डी कोडंगल और कामारेड्डी से चुनाव लड़ेंगे.
भाजपा ने अपने विधायक एटाला राजेंद्र को हुजूराबाद के अलावा गजवेल से मैदान में उतारा है. वह हुजूराबाद से मौजूदा विधायक हैं.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान सोमवार को हैदराबाद में रोड शो किया तथा कई जनसभाओं को संबोधित किया. मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu