गृह मंत्री बताएं, पीओके को कब भारत के नियंत्रण में लाएंगे: अधीर रंजन चौधरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 11 Dec 2023 07:27 PM
गृह मंत्री बताएं, पीओके को कब भारत के नियंत्रण में लाएंगे: अधीर रंजन चौधरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने से जुड़े उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद सोमवार को कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को यह बताना चाहिए कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को भारत के अधीन कब लाया जाएगा क्योंकि उन्होंने संसद के भीतर ऐसा बयान दिया था. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को जम्मू-कश्मीर में जल्द से जल्द चुनाव की घोषणा करनी चाहिए और उसका पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना चाहिए.

लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”सदन में हम बार बार गुहार लगा रहे थे कि एक राज्य को आपने केंद्रशासित प्रदेश बना दिया तो इसका पूर्ण राज्य का दर्जा कब बहाल करेंगे?” कांग्रेस नेता ने कहा, ”सदन में गृह मंत्री अमित शाह जी सीना ठोकर कह रहे थे कि पीओके को कब्जे में लाएंगे. अब बताएं कि कब लाएंगे? कम से कम चुनाव से पहले पीओके कब्जे में लाइए. अब यह बताइए कि चुनाव कब होगा?”

चौधरी ने कहा, ”जल्द से जल्द चुनाव की घोषणा की जानी चाहिए तथा कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाना चाहिए.” उच्चतम न्यायालय ने पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के सरकार के फैसले को बरकरार रखते हुए सोमवार को कहा कि अगले साल 30 सितंबर तक विधानसभा चुनाव कराने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए. शीर्ष अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल किया जाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu