दो का पहाड़ा नहीं सुनाने पर बच्चे को पाइप से पीटा, प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 14 Oct 2025 03:06 PM
दो का पहाड़ा नहीं सुनाने पर बच्चे को पाइप से पीटा, प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

इंदौर: मध्यप्रदेश के देवास जिले के एक निजी विद्यालय में दो का पहाड़ा नहीं सुनाने पर सजा के रूप में छह वर्षीय लड़के के साथ मारपीट के आरोप में इस संस्थान की महिला प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सिविल लाइन पुलिस थाने के प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया कि एक निजी विद्यालय की प्राचार्य शशिकला ठाकुर के खिलाफ पहली कक्षा के छात्र से मारपीट के आरोप में सोमवार शाम मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि यह मामला छह वर्षीय बच्चे के पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 के संबद्ध प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया।

पाटिल ने आरोपों के हवाले से बताया कि विद्यालय की प्राचार्य ने 11 अक्टूबर को इस बच्चे को सजा के तौर पर प्लास्टिक के पाइप से इसलिए पीटा क्योंकि वह कक्षा में दो का पहाड़ा नहीं सुना पाया था। उन्होंने बताया कि बच्चों को होमवर्क के रूप में दो का पहाड़ा याद करने के लिए कहा गया था।

थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘विद्यालय की छुट्टी के बाद शाम को घर पहुंचने के बाद छह वर्षीय बच्चा अपने परिवार के किसी भी सदस्य से बात नहीं कर रहा था। जब बच्चे की मां ने उसके कपड़े बदले, तो उसकी दोनों जांघों पर चोट के निशान नजर आए। उसके चेहरे पर भी निशान थे।” उन्होंने बताया कि बच्चे के परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।
पाटिल ने बताया कि विद्यालय में बच्चे के साथ कथित मारपीट के मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital