एक ‘गुंडे के दबाव’ में झुकी ‘आप’, अब मेरे चरित्र पर सवाल उठा रही है : स्वाति मालीवाल

'पॉलिटिकल हिटमैन'खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है: मालीवाल

नयी दिल्ली.  आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार पर लगे कथित ‘मारपीट’ के आरोपों को पार्टी द्वारा निराधार बताकर खारिज किये जाने पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए कहा कि एक ‘गुंडे के दबाव’ में झुकी ‘आप’ अब उनके चरित्र पर सवाल उठा रही है. मालीवाल ने कहा कि पार्टी ने कुमार द्वारा उनके साथ ‘मारपीट’ किये जाने को स्वीकार कर लिया था लेकिन दो दिन बाद ‘यूटर्न’ ले लिया. आप नेता आतिशी के संवाददाताओं को संबोधित करने के बाद मालीवाल ने यह टिप्पणी की.

आतिशी ने कहा था कि केजरीवाल को फंसाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मारपीट के मामले की साजिश रची है. उन्होंने कहा कि इस ‘साजिश’ का चेहरा मालीवाल है और कुमार पर उनके द्वारा लगाये गये आरोप ‘निराधार’ हैं. मालीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पार्टी में कल के आए नेताओं से 20 साल पुरानी कार्यकर्ता को भाजपा का एजेंट बता दिया. दो दिन पहले पार्टी ने सब सच कबूल लिया था और आज यू-टर्न ले लिया.” ‘आप’ नेता और सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को कहा था कि मालीवाल के साथ हुई घटना घोर निंदनीय है. उन्होंने दावा किया था कि कुमार ने मालीवाल के साथ ‘दुर्व्यवहार’ किया है.

मालीवाल ने कुमार का नाम लिये बिना कहा, ”ये गुंडा पार्टी को धमका रहा है कि मैं गिरफ्तार हुआ तो सारे राज खोलूंगा. इसलिए ही लखनऊ से लेकर हर जगह शरण में घूम रहा है.” उन्होंने कहा, ”आज उसके दबाव में पार्टी ने हार मान ली और एक गुंडे को बचाने के लिए पूरी पार्टी से मेरे चरित्र पर सवाल उठाए गए. कोई बात नहीं, पूरे देश की महिलाओं के लिए अकेले ही लड़ती आई हूं, अपने लिए भी लड़ूंगी. जमकर चरित्र हनन करो, वक्त आने पर सब सच सामने आएगा!” दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर मालीवाल के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. आतिशी ने कहा कि कुमार ने भी मालीवाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

‘राजनीतिक हिटमैन’ खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है: मालीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास की कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को कहा कि ‘राजनीतिक हिटमैन’ ने खुद को बचाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं. मालीवाल 52 सेकंड के वीडियो में मुख्यमंत्री के आवास में सुरक्षार्किमयों से बहस करती नजर आ रही हैं.

मालीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किसी का नाम लिए बगैर लिखा, ”हर बार की तरह इस बार भी इस ‘राजनीतिक हिटमैन’ ने खुद को बचाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं.” मालीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, ”इसे लगता है कि वह इस अपराध को अंजाम देने के बाद अपने लोगों से ट्वीट कराके और संदर्भहीन वीडियो साझा करके खुद को बचा लेगा. कोई किसी को पीटते हुए वीडियो बनाता है भला? घर के अंदर की और कमरे की सीसीटीवी फुटेज की जांच होते ही सत्य सबके सामने होगा.”

इस कथित वीडियो में सुरक्षार्किमयों को मालीवाल को कमरे से चले जाने का अनुरोध करते सुना जा सकता है जबकि मालीवाल को यह कहते सुना जा सकता है, ”मैं तुम्हारी भी नौकरी खाउंगी, अगर मुझे छुआ तो.” सामने आए वीडियो में मालीवाल कहती हैं कि उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया है और पुलिस के आने तक इंतजार करेंगी. मालीवाल को कहते सुना जा सकता है कि ”मैं सबको बताऊंगी. मुझे अपने डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) से बात करने दो.” वीडियो के मुताबिक, मालीवाल सुरक्षा कर्मचारियों को ”उन्हें बाहर फेंकने” की चुनौती देतीं हैं जबकि एक कर्मी कहता है कि वे ऐसा कदम नहीं उठाएंगे.

वीडियो से जुड़ी एक मीडिया रिपोर्ट को संलग्न करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”स्वाति मालीवाल का सच.” पार्टी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए आप विधायक दिलीप पांडे ने ‘एक्स’ पर हिंदी में किए गए एक पोस्ट में कहा, “सच के दीये की हल्की सी रोशनी भी, स्वाति के झूठ और दम्भ के गहनतम अंधकार को मिटाने के लिए पर्याप्त है. पहले ये तय करो कि वफादार कौन है, फिर वक़्त तय करेगा कि गद्दार कौन है?”

मालीवाल प्रकरण पर माफी मांगे केजरीवाल: सीतारमण

केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के मुद्दे पर नहीं बोलने के लिए शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना की और कहा कि वह इसके बजाय आरोपी बिभव कुमार के साथ ‘बेशर्मी’ से घूम रहे हैं.

सीतारमण ने कहा कि आप सांसद संजय सिंह ने मामले में कार्रवाई का वादा किया था लेकिन केजरीवाल अगले दिन आरोपी के साथ लखनऊ में देखे गए और वह ‘बेशर्मी’ से उसके साथ घूम रहे थे. केंद्रीय वित्त मंत्री ने इसे घाव में नमक छिड़कने के समान करार दिया और कहा, ”यह तो बेशर्मी की पराकाष्ठा है.” भाजपा की वरिष्ठ नेता ने नई दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार सोमनाथ भारती समेत ‘आप’ के कई नेताओं के खिलाफ महिलाओं पर हमले के पूर्व के आरोपों का जिक्र करते हुए दावा किया कि दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी ‘महिला विरोधी’ है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button