नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में कुरान को अपवित्र करने के मामले में महरौली के आप विधायक नरेश यादव की दोषसिद्धि का हवाला देते हुए मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर आरोप लगाया कि वह सत्ता के लालच में किसी भी हद तक जा सकती है. भाजपा प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि एक अन्य आप विधायक नरेश बाल्यान को हाल में दिल्ली पुलिस ने जबरन वसूली के आरोपों में गिरफ्तार किया है. उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी निशाना बनाया.
उन्होंने कहा, ” चाहे जबरन वसूली हो या सांप्रदायिक उन्माद पैदा करना, ऐसी धूर्त मानसिकता एवं ऐसा दल सत्ता के लालच में किसी भी हद तक जा सकता है.” केजरीवाल के साथ संबंध खराब होने के बाद आप छोड़कर भाजपा में आयीं इल्मी ने कहा कि दिल्ली का सत्तारूढ़ दल मुसलमानों का वोट पाने के लिए तमाम तरह की बातें कहता है लेकिन उसके विधायक पंजाब में कुरान को अपवित्र करने की साजिश रचते हैं. उन्होंने कहा कि केजरीवाल के मित्र एवं समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को भी इस बारे में कुछ बोलना चाहिए.
उन्होंने कहा, ” आप ने सारी सीमाएं लांघ दी है और वह खतरनाक पड़ाव पर पहुंच गयी है.” उन्होंने कहा कि अब लोगों को ऐसे नेताओं से निजात पाने के बारे में निर्णय लेना है. इल्मी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर केजरीवाल ने हाल में दिल्ली पुलिस को जो निशाना बनाया, उसकी वजह बाल्यान के विरूद्ध कार्रवाई है. पंजाब के मालेरकोटला जिले की एक अदालत ने पिछले सप्ताह नरेश यादव को कुरान को अपवित्र करने के 2016 के मामले में दो साल की कैद की सजा सुनायी.