‘आप’ ने कांग्रेस द्वारा बनाए गये भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Oct 2022 06:13 PM
‘आप’ ने कांग्रेस द्वारा बनाए गये भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं : नड्डा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने रविवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार घोटालों का पर्याय बन गयी है और उसने कांग्रेस द्वारा बनाए गये भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड भी तोड़ दिये हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव तथा इसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को ‘‘बुरी तरह हरा’’ देगी.

नड्डा ने एमसीडी चुनावों के मद्देनजर यहां रामलीला मैदान में हुए ‘‘पंच परमेश्वर सम्मेलन’ में कहा, ‘‘आप घोटालों की पार्टी बन गयी है. उसने कांग्रेस द्वारा बनाए भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. उसे सत्ता से बाहर करने की जरूरत है.’’ एमसीडी चुनाव इस साल दिसंबर में होने की संभावना है.

भाजपा प्रमुख ने कहा कि अरंिवद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी ने दिल्ली में एक साफ-सुथरी सरकार देने का वादा किया था ‘‘लेकिन उसने आबकारी विभाग, डीटीसी बसों की खरीद, शौचालयों के निर्माण और दिल्ली जल बोर्ड में घोटाले किए.’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके पांच विधायक जमानत पर बाहर हैं.’’ नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल ने कहा था कि अगर उनकी पार्टी दिल्ली की सत्ता में आयी तो वह शराबबंदी लागू करेंगे, लेकिन दिल्ली में ‘आप’ की सरकार बनने के बाद उन्होंने हर मोहल्ले में शराब के ठेके खोल दिए.

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के 745 स्कूलों में कोई प्राचार्य नहीं है, जबकि 70 प्रतिशत स्कूलों में विज्ञान और वाणिज्य की पढ़ाई नहीं होती है. भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘‘हमें यह समझ नहीं आता कि आप गरीब बच्चों को डॉक्टर कैसे बनाएंगे. लोगों के सामने झूठ फैलाने और झूठे आंकड़े रखना आपका स्वभाव हो गया है केजरीवाल जी.’’ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘भाजपा एमसीडी चुनाव तथा उसके बाद विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को बुरी तरह हराएगी. दिल्ली के लोगों को ‘आप’ के भ्रष्टाचार के बारे में बताइए.’’

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’’ का लक्ष्य पूरा किया है. उन्होंने कहा, ‘‘अन्य राजनीतिक दल रामलीला मैदान के विशाल आकार के कारण यहां रैलियां करने से घबराते हैं. लेकिन भाजपा का महज कार्यकर्ता सम्मेलन ही मैदान भरने के लिए पर्याप्त है. देश में भाजपा इकलौती पार्टी है, जिसका व्यापक आधार है.’’ नड्डा ने कहा कि जब अन्य राजनीतिक दलों ने कोविड-19 महामारी के दौरान अपने आप को वीडियो सम्मेलनों तक सीमित कर लिया था, तो भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपने आप को देश के लोगों की सेवा के लिए सर्मिपत कर दिया था.

उन्होंने कहा कि एमसीडी के तीन भागों में बंटे होने से निधि की कमी हो गयी थी, लेकिन भाजपा की दिल्ली इकाई अथक रूप से काम करती रही. भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर के 10.74 करोड़ गरीब परिवारों को एक साल में पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया है, लेकिन आप सरकार ने दिल्ली में इसे लागू नहीं किया है. उन्होंने कहा कि साथ ही केजरीवाल सरकार अभी तक राष्ट्रीय राजधानी में एक अस्पताल तक नहीं बना पायी है.

नड्डा ने कहा, ‘‘मोदी सरकार की कोई भी योजना ले लीजिए चाहे गरीब कल्याण अन्न योजना, उजाला योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, जनधन योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया हो, इन सभी का उद्देश्य दलितों, गरीब लोगों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के वंचित वर्गों को मजबूत करना है.’’ गौरतलब है कि भाजपा ने दिल्ली में पिछले 45 दिन में प्रत्येक मतदान बूथ में ‘पंच परमेश्वर’ या पांच कार्यकर्ता नियुक्त किए हैं. राजधानी में करीब 13,800 मतदान केंद्र हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu